Bihar Politics: तेजस्वी ने महिला विधायक से की थी बड़ी मांग, RJD MLA के खुलासे से हड़कंप, लगाए गंभीर आरोप
Bihar Politics: बिहार क नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर राजद की महिला विधायक ने गंभीर आरोप लगाया है। राजद विधायक के इस आरोप से सियासी हलचल तेज है। पढ़िए...

Bihar Politics: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नवादा से विधायक विभा देवी ने अपनी ही पार्टी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विभा देवी ने दावा किया कि तेजस्वी यादव और उनके कुछ करीबी नेताओं ने उनके परिवार की छवि खराब करने की साजिश रची और उन पर झूठे आरोप लगाए।
तेजस्वी के करीबियों ने मांगी थी भारी रकम
विधायक विभा देवी ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान तेजस्वी यादव के कुछ करीबी नेताओं ने उनसे भारी धनराशि की मांग की थी। जिसे देने में वह असमर्थ थीं। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि, मैंने और विधायक प्रकाश वीर ने पार्टी का धर्म निभाया। हमें कई नेताओं ने पाला बदलने का प्रलोभन भी दिया लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। यही हमारी गलती थी कि तेजस्वी को गलत काम के लिए पैसा नहीं दे सके।
विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
विधायक ने कहा कि उनके पति राजबल्लभ प्रसाद वर्षों से जेल में हैं और उनके पास करोड़ों रुपये जुटाने का कोई साधन नहीं है। उन्होंने कहा कि, हम सम्मान बेचकर राजनीति में नहीं आए हैं। न कभी घूस ली, न भ्रष्टाचार किया। हमारे परिवार ने कभी वोट का सौदा नहीं किया। नवादा के लोगों ने देखा है कि श्रवण कुशवाहा ट्रॉली बैग में क्या लेकर गए थे।
यह नवादा है, राघोपुर नहीं
विभा देवी ने राजद नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, यह नवादा है...राघोपुर नहीं। जहां एक दिन में करोड़ों रुपये बांटे जाते हैं। हमारे जेठ कृष्णा प्रसाद, स्व. जेहल प्रसाद या जेल में बंद मेरे पति राजबल्लभ प्रसाद ने भी कभी वोटों का सौदा नहीं किया।
अच्छे नेता बनने के लिए झूठ बोलना और घूस लेना जरूरी?
उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति राजबल्लभ प्रसाद ने लालू प्रसाद यादव से कहा था कि, अच्छा नेता बनने के लिए पांच गुण जरूरी होते हैं झूठ बोलना, जनता को ठगना, भाई-भाई में लड़ाई कराना, घूस लेना और बड़े नेताओं की खुशामद करना। लेकिन उनमें ये गुण नहीं हैं। इसलिए अब वे राजनीति से दूर रहना चाहते हैं। राजद विधायक के इन आरोपों ने बिहार की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि इस पर राजद नेतृत्व और तेजस्वी यादव क्या प्रतिक्रिया देते हैं।