पेट्रोल पंप कर्मियों से लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा, हथियार व 20 हजार नकद के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
नवादा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ हुए लूटपाट कांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है.......
Nawada : जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मियों से हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने के मामले का 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को इस बात की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और लूटी गई नकदी व मोबाइल बरामद कर लिया है।
20 नवंबर को रेपुरा स्थित पेट्रोल पंप के कार्यालय में फायरिंग कर हुई थी लूट
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के रेपुरा स्थित एनएसएस इंटरप्राइजेज हरि ओम फ्यूल पेट्रोल पंप के कार्यालय में बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे थे। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर फायरिंग करते हुए 30 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया था, जिसके बाद इस संबंध में सीतामढ़ी थाना कांड संख्या 128/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर रजौली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वहां से एक जिंदा कारतूस और एक चपटा हुआ पिलेट बरामद किया, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की।
खेत में छिपाकर रखे गए हथियार व नकदी बरामद, गिरफ्तार आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना अंतर्गत बारत निवासी अभिषेक कुमार उर्फ गुनगुन कुमार सिंह (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में कांड में लाइनर की भूमिका निभाने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर बारत गांव के बाहर खेत में छिपाकर रखी गई मैगजीन लगी एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई 20 हजार रुपये की राशि, एक कीपैड मोबाइल और घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ सीतामढ़ी थाने में पूर्व से भी आपराधिक मामला दर्ज है।
आरोपी को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में, फरार दूसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, इस वारदात में शामिल दूसरे फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
अमन की रिपोर्ट