Bihar News: ओझा के चक्कर में महिला ने गंवाई जान, नवादा में दो को सांप ने काटा, मचा कोहराम

Bihar News: नवादा में ओझा के चक्कर में महिला ने जान गंवा दी है। बताया जा रहा है कि महिला खेत में काम कर रही थी तभी उसे सांप ने काट लिया जिसके बाद परिजन झाड़-फूंक कराने लेकर पहुंचे लेकिन...

सांप
सांप ने महिलाओं को काटा - फोटो : social media

Bihar News: नवादा में सांप काटने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि दूसरी महिला घायल हो गई। नरहट प्रखंड में 35 वर्षीय ललिता देवी खेत में मूंग तोड़ रही थीं। तभी सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन उन्हें ओझा के पास ले गए। चार घंटे तक झाड़-फूंक कराने के बाद स्थिति बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहट लाया गया। 

ओझा के चक्कर में गई जान 

डॉक्टर विनोद कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ललिता देवी अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। वहीं दूसरी घटना हिसुआ प्रखंड के नवाबागी गांव की है। खुशी देवी खेत में काम कर रही थीं, तभी सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन उन्हें पहले पीएससी अस्पताल हिसुआ ले गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया। 

झाड़-फूंक में बर्बाद ना करें समय

वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में तुरंत सरकारी अस्पताल जाएं। अस्पतालों में सांप के काटने का उचित इलाज उपलब्ध है। झाड़-फूंक में समय बर्बाद करने से बचें।

डॉक्टर की अपील 

सांप काटने के बाद अधिक समय झार फूंक में गवां देने पर उसके शरीर में जहर फैल जाता है और तब मरीज को बचाना मुश्किल हो जाता है। जब भी किसी को सांप काटे तो सब से पहले उस मरीज को फौरन अस्पताल लेकर जाय और डॉक्टर की सलाह को माने। सांप काटने पर बिना देर किए उस व्यक्ति को अस्पताल लेकर जाते हैं तो मरीज को बचाया जा सकता है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट