Bihar IAS Transfer : बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IAS अधिकारियों का तबादला, कई विभागों के बदले मुखिया

Bihar IAS Transfer : बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IAS

PATNA : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में भारी फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 11 अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है । विभाग द्वारा 10 मई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, स्वास्थ्य, वित्त, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नए सचिवों की तैनाती की गई है । इस बदलाव के तहत कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि कुछ को नई और दोहरी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ।  वित्त विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए संजय कुमार सिंह (2007 बैच) को विभाग का सचिव (सम्पूर्ण प्रभार) नियुक्त किया गया है । इससे पहले वित्त विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे  आनंद किशोर को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है । 

संजय कुमार सिंह वित्त सचिव के साथ-साथ वाणिज्य कर विभाग के सचिव, वाणिज्य-कर आयुक्त और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे । यह कदम राज्य की वित्तीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया प्रतीत होता है।  स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे जनोपयोगी विभागों में भी नए नेतृत्व की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव कुमार रवि (2005 बैच) को अब स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव बनाया गया है । वहीं, अब तक मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्यरत चंद्रशेखर सिंह (2010 बैच) को जल संसाधन विभाग के सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है । इसके अतिरिक्त संतोष कुमार मल्ल को आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है । 

स्वास्थ्य विभाग के पूर्व सचिव लोकेश कुमार सिंह को स्थानांतरित करते हुए पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है ।   ऊर्जा और समाज कल्याण विभाग के शीर्ष स्तर पर भी बदलाव देखे गए हैं। अजय यादव (2005 बैच) को ऊर्जा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है, जिन्हें बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है । 

साथ ही एच. आर. श्रीनिवास (1996 बैच) को समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है । वे पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।  प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में प्रणव कुमार को भवन निर्माण विभाग का सचिव और रजनीश कुमार सिंह को महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं नियुक्त किया गया है । दिल्ली स्थित बिहार भवन के प्रबंधन में भी बदलाव हुआ है मनोज कुमार सिंह को बिहार भवन, नई दिल्ली का नया स्थानिक आयुक्त बनाया गया है । यह पूरी कवायद सरकार द्वारा प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने और विभिन्न विभागों के समन्वय को बेहतर करने के लिए की गई है ।