Bihar News: बिहार के 13 अंचलों के मिले नए राजस्व अधिकारी, हड़ताल के बीच विजय सिन्हा का फैसला, इनको मिली जिम्मेदारी

Bihar News:

विजय सिन्हा
13 राजस्व अधिकारियों की नियुक्ति- फोटो : social media

Bihar News:  बिहार में अंचल अधिकारियों की चल रही हड़ताल के बीच राजस्व प्रशासन को सुचारू बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर 69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर चयनित 13 नवनियुक्त राजस्व अधिकारियों को विभिन्न अंचल कार्यालयों में पदस्थापित किया गया है।

13 अंचलों के नए अधिकारी 

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इन अधिकारियों को पे मैट्रिक्स लेवल-7 (₹44,900-₹1,42,400) में परीक्ष्यमान राजस्व अधिकारी के पद पर औपबंधिक नियुक्ति देते हुए तत्काल प्रभाव से अंचलों का प्रभार सौंपा गया है। इस कदम का उद्देश्य हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहे राजस्व कार्यों को गति देना और आम लोगों को सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना है।

इनको मिली जिम्मेदारी 

जारी आदेश के मुताबिक, शाएक इकबाल आरिफ को हिसुआ (नवादा), कुमार शिवराज को पंडारक (पटना), प्रणय प्रसून को दीदारगंज (पटना) और सैयद इफ्तेखार हैदर को घोसवरी (पटना) अंचल में तैनात किया गया है। इसी तरह गौरव सुमन को बाढ़ (पटना), भवेश कुमार को अथमलगोला (पटना), मोशाहिदुल हक को बेलछी (पटना) और अभिषेक कुमार दुबे को हाजीपुर सदर (वैशाली) में पदस्थापन मिला है। इसके अलावा वंदन कुमार गुप्ता को संपतचक (पटना), योगेश कुमार को फुलवारीशरीफ (पटना), शिवम शर्मा को खुसरूपुर (पटना), सना फरहीन को ईस्ट अलीगंज (जमुई) और किसलय राज को जमुई सदर (जमुई) अंचल में जिम्मेदारी दी गई है।

19 मार्च को विशेष प्रशिक्षण का आयोजन

सरकार ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने पदस्थापन स्थल पर योगदान के समय फोटोयुक्त नियुक्ति पत्र और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करें। उनकी नियुक्ति पूर्ववृत्त सत्यापन के आधार पर औपबंधिक रूप से की गई है। वहीं, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से अंचल अधिकारियों के लिए 19 मार्च को पटना के पुराना सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें राजस्व प्रशासन से जुड़े कानूनों, नियमों और भूमि संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनता से जुड़े कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों। इसी उद्देश्य से नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पटना से वंदना की रिपोर्ट