Bihar News : बिहार में क्रिकेटर मुकेश और आकाश दीप बनेंगे DSP, कल 20 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देंगे नियुक्ति पत्र

Bihar News : कल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य के 20 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। वहीँ कई खिलाडियों को सम्मान राशि व छात्रवृत्ति का लाभ भी प्रदान किया जाएगा.......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में क्रिकेटर मुकेश और आकाश दीप बनेंगे DSP
खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के तहत 20 खिलाडियों को नियुक्ति पत्र दी जाएगी। खेल विभाग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में शुक्रवार को पटना के उर्जा ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौपेंगे। इस राज्यस्तरीय समारोह में "मेडल लाओ, नौकरी पाओ", "खेल सम्मान" एवं "बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026" के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति, सम्मान राशि तथा छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।

इस समारोह की अध्यक्षता खेल मंत्री श्रेयसी सिंह करेंगी, जबकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र, सम्मान राशि एवं छात्रवृत्ति का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह का मुख्य आकर्षण राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" योजना के तहत 20 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। 

इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार एवं आकाश दीप को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तथा एथलीट पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे। खेल सम्मान योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन खिलाड़ियों को कुल 68.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। 

बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के तहत इस वित्तीय वर्ष के लिए 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। इनमें उत्कर्ष श्रेणी के 21, सक्षम श्रेणी के 184 तथा प्रेरणा श्रेणी के 432 खिलाड़ी शामिल हैं। छात्रवृत्ति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।