Bihar News: पटना में खुलेंगे तीन फाइव स्टार होटल, राज्य में 1000 करोड़ का होगा निवेश, जानिए क्या नीतीश सरकार का प्लान

Bihar News: बिहार में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। नीतीश सरकार ने राज्य में निवेश को बढ़ाने किए मास्टर प्लान बनाया है। इसके तहत प्रदेश में 5 नए फाइव स्टार होटलों का निर्माण किया जाएगा।

3 five star hotels in Patna
3 five star hotels in Patna - फोटो : social media

Bihar News: बिहार की नीतीश सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में नीतीश सरकार ने पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए पटना में तीन 5 स्टार होटलों का निर्माण किया जाएगा। इन होटलों के निर्माण से प्रदेश में 1000 करोड़ रुपए तक के निवेश आने की संभावना जताई जा रही है। 

तीन फाइव स्टार होटल का होगा निर्माण

जानकारी अनुसार पटना के पाटलिपुत्र अशोक होटल, बांकीपुर बस स्टैंड और सुल्तान पैलेस परिसर की भूमि पर तीन पांच सितारा होटलों का निर्माण पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड में किया जाएगा। इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है। पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह ने शुक्रवार को सूचना भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से राज्य में लगभग 1000 करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है।

इन जिलों में भी होगा होटलों का निर्माण

पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि अन्य जिलों में भी पर्यटन विकास पर ध्यान दे रही है। सीतामढ़ी, रोहतास और बक्सर में बजट होटलों के निर्माण के लिए 84.27 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, मुंगेर के असरगंज में तीर्थयात्री शेड और कैफेटेरिया के निर्माण के लिए 14.88 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा पुनौराधाम में मां जानकी जन्मभूमि मंदिर निर्माण हेतु 50 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा रही है। जिसकी लागत लगभग 120 करोड़ रुपये आंकी गई है। साथ ही वाल्मीकिनगर में लवकुश आश्रम, बक्सर में रामरेखा घाट, अहिल्या स्थान और फुलहर स्थान के विकास के लिए भी योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। राजगीर के प्रसिद्ध ब्रह्मकुंड का विकास भी जोर-शोर से किया जा रहा है।

Nsmch

बिहार में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालयों में फोर स्टार होटलों के निर्माण हेतु न्यूनतम निवेश की सीमा को कम किया गया है। जिससे ज्यादा से ज्यादा निवेशक आकर्षित हो सकें। अब जिला मुख्यालयों में तीन सितारा होटल के लिए न्यूनतम निवेश 7.5 करोड़ और अनुमंडल स्तर पर दो सितारा होटल के लिए 5 करोड़ रुपये की सीमा तय की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में बिहार में 6.60 करोड़ से अधिक पर्यटक आए जो राज्य की पर्यटन संभावनाओं को दर्शाता है। वर्ष 2024-25 के लिए 1328 करोड़ रुपये की नई पर्यटन परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं जो राज्य के पर्यटन परिदृश्य को बदलने की दिशा में अहम साबित होंगी।