Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रा) की कार्यकारिणी बैठक में पारित हुए आठ अहम प्रस्ताव, चिराग को लेकर बड़ा फैसला

Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा) की कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में 8 अहम प्रस्ताव पारित हुए। इस बैठक में कई अहम फैसला लिए गए।

लोजपा(रा)
8 प्रस्तावों पर लगी मुहर - फोटो : social media

Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी और सांसद अरुण भारती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी ने कुल आठ महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया। जिसमें बहुजन समाज के अधिकारों, जनकल्याण योजनाओं से वंचना और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर गंभीर चर्चा की गई।

8 प्रस्ताव पारित 

बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दिशा में सांसद अरुण भारती को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने बहुजन समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताई। कार्यकारिणी ने बहुजन छात्रों की छात्रवृत्तियों में कटौती, देरी और भेदभाव पर आपत्ति दर्ज की और इसे दूर करने के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।

243 सीटों पर तैयारी 

महादलित समुदाय के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने खुद को संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध बताया। इसके साथ ही आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर पार्टी ने राज्य की सभी 243 सीटों पर मजबूत और निर्णायक उपस्थिति दर्ज कराने का संकल्प लिया।

बहुजन भीम संकल्प समागम का होगा आयोजन

बैठक में शाहाबाद में आयोजित "नव संकल्प महासभा" की सफलता पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही "बहुजन भीम संकल्प समागम" के आयोजन का भी प्रस्ताव पारित किया गया। जिसे जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा। बैठक के दौरान प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट