Patna Crime - हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार
Patna Crime - पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों की तस्करी करनेवाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस दौरान हथियार भी जब्त किए हैं
Patna - पटना सिटी इलाके में पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
ऐसे हुई गिरफ्तारी

पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि खजेकला थाना क्षेत्र के नून के चौराहा के पास मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के बगल में मिली सूचना पर पुलिस ने मोहम्मद आजाद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में 45 जिंदा कारतूस, 9700 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ।
गिरफ्तार आजाद से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने मोहम्मद मुमताज उर्फ बाबा का नाम लिया, जो उसे हथियार और गोलियां सप्लाई करता था। इस जानकारी पर पुलिस ने मुमताज के घर, एलिजा मार्केट, खजेकला में छापेमारी की। वहां से पुलिस को 2 पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 1 देसी कट्टा और हथियार मरम्मत के औजार भारी मात्रा में मिले। हालांकि, छापेमारी के दौरान मुमताज उर्फ बाबा फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरोह का काम करने का तरीका
एसपी ने बताया कि आजाद ने पूछताछ में खुलासा किया है कि यह गिरोह 2022 से हथियारों की तस्करी कर रहा था। यह गिरोह अपराधियों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कीमतों पर हथियार और कारतूस बेचता था। एक पिस्टल की कीमत 25 से 30 हजार रुपये होती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के मोबाइल से 12 से 15 ग्राहकों की जानकारी जुटाई है, जिन्हें हथियार और कारतूस बेचे गए थे। पुलिस इन ग्राहकों की सूची तैयार कर रही है और उनके साथ गिरोह की मिलीभगत की पूरी जांच कर रही है। पुलिस इस मामले में आगे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट: अनिल, पटना