Bihar News : पटना में पैक्स अध्यक्ष के घर मिला हथियारों का जखीरा, पुलिस ने राइफल और जिन्दा कारतूस समेत नकद किया बरामद
Bihar News : पटना में पैक्स अध्यक्ष के घर छापेमारी कर पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है. वहीँ मौके से रायफल और जिन्दा कारतूस बरामद किया है........पढ़िए आगे
PATNA : पटना पुलिस ने नौबतपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के जखीरे का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पैक्स अध्यक्ष के घर से हथियार, कारतूस और नकदी बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 28/29 मार्च 2026 की रात्रि में पुलिस को सूचना मिली कि नौबतपुर थाना अंतर्गत ग्राम साबरचक निवासी रवींद्र कुमार, जो वर्तमान में पैक्स अध्यक्ष हैं, अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, फुलवारीशरीफ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रवींद्र कुमार के घर पर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान एक बैग से 02 देशी कट्टा, 16 जिंदा कारतूस, 20 खोखा, ₹89,810 नकद तथा 01 चाकू बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने रवींद्र कुमार की निशानदेही पर उसी गांव स्थित उनके पुराने घर पर भी छापेमारी की। यहां से 0.315 बोर की एक राइफल बरामद की गई। इस मामले में घर के मालिक संजय कुमार (उम्र 52 वर्ष), पिता स्वर्गीय दीनानाथ राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में नौबतपुर थाना कांड संख्या-204/26, दिनांक 29.03.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों के स्रोत और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
सुमित की रिपोर्ट