पटना के गांधी मैदान में जलेगा 90 फीट का रावण : 85 फीट कुंभकरण और 80 फीट के मेघनाथ का होगा दहन

पटना के गांधी मैदान में जलेगा 90 फीट का रावण :  85 फीट कुंभक
पटना के गांधी मैदान में जलेगा 90 फीट का रावण - फोटो : अनिल कुमार

Patna : असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पावन पर्व विजयादशमी को लेकर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य दशहरा आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रामलीला दशहरा ट्रस्ट कमिटी की ओर से हर साल की तरह इस वर्ष भी रावण वध कार्यक्रम को बेहद आकर्षक और ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिसे लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।


आगरा के विशेष कलाकारों द्वारा तैयार किए जा रहे विशाल पुतले

ट्रस्ट कमिटी के अध्यक्ष कमल नोपानी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के आयोजन को और भी भव्य रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा से आए विशेष कारीगरों और कलाकारों को बुलाया गया है। ये कलाकार पिछले कई दिनों से गांधी मैदान परिसर में युद्ध स्तर पर विशालकाय पुतलों के निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं।


ट्रस्ट कमिटी के अध्यक्ष कमल नोपानी ने दी आयोजन की जानकारी

कमिटी के अनुसार, इस वर्ष गांधी मैदान में जलने वाले पुतलों की ऊंचाई लोगों के मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। इस बार 90 फीट ऊंचे रावण, 85 फीट ऊंचे कुंभकरण और 80 फीट ऊंचे मेघनाथ के भव्य पुतले तैयार किए जा रहे हैं, जिन पर पारंपरिक और आकर्षक आतिशबाजी का सुंदर संयोजन देखने को मिलेगा।


जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

इतने बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाले इस सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन तथा पटना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। मैदान के अंदर और बाहर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि रावण वध देखने आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।


असत्य पर सत्य की जीत का पर्व देखने उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु

पारंपरिक सांस्कृतिक उल्लास और धार्मिक आस्था के इस महापर्व पर गांधी मैदान में जुटने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, अग्निशमन दल और चिकित्सा शिविरों की भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और आयोजन समिति का मुख्य उद्देश्य इस पावन पर्व को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और यादगार बनाना है।


अनिल की रिपोर्ट