Bihar Politics : कैबिनेट विस्तार को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, बीजेपी दफ्तर पहुंचे डीएम-एसएसपी, पीएम के दौरे को लेकर अभेद्य होगी सुरक्षा व्यवस्था
Bihar Politics : बिहार में 7 मई को पटना के गांधी मैदान में सम्राट कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। जिसकी तैयारियों को लेकर डीएम एसएसपी बीजेपी कार्यालय पहुंचे......पढ़िए आगे
PATNA : पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद अब बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल शुरू हो गई है। आगामी 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 'सम्राट कैबिनेट' के विस्तार का निर्णय लिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि यह केवल एक शपथ ग्रहण समारोह नहीं, बल्कि पार्टी का एक विशाल शक्ति प्रदर्शन होगा, जिसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।
इस समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत देश के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। संजय सरावगी के अनुसार, कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी शिरकत करेंगे। पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक पूरे शहर को झंडे और बैनरों से सजाने का काम पटना महानगर इकाई और स्थानीय विधायकों को सौंप दिया गया है।
प्रधानमंत्री के आगमन की संभावनाओं को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पटना के जिलाधिकारी (DM) और एसएसपी (SSP) ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात कर पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रमों और बैठकों की रूपरेखा पर चर्चा की। सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने के लिए भाजपा कार्यालय और कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जा रहे हैं।
कैबिनेट विस्तार को लेकर पार्टी के भीतर पिछले कई दिनों से चल रहा गहन मंथन अब अपने अंतिम चरण में है। राजनैतिक सूत्रों का मानना है कि इस विस्तार के माध्यम से भाजपा आगामी चुनौतियों को देखते हुए नए चेहरों को मौका देकर चौंका सकती है। साथ ही, कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बड़े फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस पुनर्गठन के जरिए पार्टी बिहार में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को साधने की पुरजोर कोशिश करेगी।
गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस मेगा इवेंट के लिए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष योजना तैयार की है। बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की उम्मीद को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक सुविधाओं से लैस एक भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि आम जनता को असुविधा न हो और समारोह गरिमा के साथ संपन्न हो सके।
वंदना की रिपोर्ट