Pappu Yadav:आधी रात की गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव IGIMS से PMCH शिफ्ट, साज़िश के आरोपों से गरमाई सियासत

Pappu Yadav: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को IGIMS से PMCH स्थानांतरित कर दिया गया है। ...

 Pappu Yadav Shifted from IGIMS to PMCH
पप्पू यादव IGIMS से PMCH शिफ्ट- फोटो : reporter

Pappu Yadav: पटना में एक बार फिर अपराध, सियासत और साज़िश की कहानी आधी रात से सुबह तक चलती रही। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को IGIMS से PMCH स्थानांतरित कर दिया गया है। शुक्रवार देर रात 1995 के एक पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए पहले IGIMS लाया गया था, जहां से शनिवार सुबह स्ट्रेचर पर PMCH भेजे जाने की खबर ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी।

सांसद के निजी सचिव ने फेसबुक पर तीखा इल्ज़ाम लगाते हुए लिखा कि पप्पू यादव को रात भर IGIMS में स्ट्रेचर पर रखा गया, इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं की गई और अब उन्हें PMCH ले जाया जा रहा है। पोस्ट में दावा किया गया कि NEET बेटी की लड़ाई लड़ने की कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है और सत्ता व प्रशासन मिलकर उनके खिलाफ साज़िश रच चुके हैं, यहां तक कि जान लेने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया।

बता दें पूरा मामला शुक्रवार रात 12 बजे उस वक्त गरमाया, जब पटना पुलिस की टीम मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव बेहोश हो गए, जिसके बाद समर्थक भड़क उठे। माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन अंततः पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 31 साल पुराने केस में की गई है। पटना की विशेष अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी का आदेश दिया था। कोर्ट का कहना था कि मामले में ट्रायल चल रहा है, लेकिन सांसद निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हो रहे थे, इसी वजह से यह कदम उठाया गया।

पटना के एसपी सिटी भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह कानूनी कार्रवाई है। उनके मुताबिक, “1995 का मामला है, कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तारी की गई है।”

फिलहाल पप्पू यादव पुलिस कस्टडी में हैं और शनिवार को उनकी कोर्ट में पेशी भी संभव है। लेकिन सवाल अब सिर्फ गिरफ्तारी का नहीं रहा यह मामला कानून बनाम सियासत, इलाज बनाम आरोप और कार्रवाई बनाम साज़िश की जंग में तब्दील हो चुका है। 

रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा