Bihar Assembly Monsoon Session:बिहार विधानसभा मानसून सत्र का दूसरा दिन, अनंत सिंह बोले- अब बेटा संभालेगा राजनीतिक विरासत; जुआ कानून में बदलाव की तैयारी
Bihar Assembly Monsoon Session:विधायक अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक पारी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे चुनाव नहीं लड़ने की बात पहले ही कह चुके हैं।
Bihar Assembly Monsoon Session:बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन में प्रश्नकाल चल रहा है, जिसमें अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों पर चर्चा की जा रही है। कार्यवाही के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगे जाने की संभावना है।
सदन पहुंचे विधायक अनंत सिंह ने अपनी राजनीतिक पारी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह आगे चुनाव नहीं लड़ने की बात पहले ही कह चुके हैं। अनंत सिंह ने कहा, “जैसे मैं नीतीश जी के साथ था, मेरा बेटा निशांत जी के साथ रहेगा। वह बेहतर काम कर रहे हैं।” उनके इस बयान को राजनीतिक विरासत बेटे को सौंपने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
विधानसभा की आज की कार्यवाही में प्रश्नकाल के बाद औपचारिक कार्य होंगे। इसके तहत विभिन्न संदेश और विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह मुख्यमंत्री मंत्रीपरिषद समिति की 216वीं प्रतिवेदन की प्रति भी सदन में रखेंगे।बिहार सरकार राज्य में लागू पुराने सार्वजनिक जुआ अधिनियम-1867 की जगह नया बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक-2026 लाने की तैयारी में है। नए कानून के लागू होने के बाद पुलिस को ऑफलाइन जुआघर और सट्टेबाजी के साथ-साथ ऑनलाइन जुआ और बेटिंग वेबसाइट व एप के खिलाफ भी कार्रवाई का अधिकार मिलेगा।
नए प्रावधानों के तहत सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते पकड़े जाने पर पुलिस बिना वारंट तलाशी ले सकेगी और आरोपियों को गिरफ्तार भी कर सकेगी। सरकार का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से बढ़ रहे जुए और सट्टेबाजी पर रोक लगाना बताया जा रहा है।
इसके अलावा बिहार राज्य सहवद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद नियमावली-2026, इसके संशोधन और सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर तथा बिहार चिकित्सा शिक्षा सेवा भर्ती, नियुक्ति एवं प्रोन्नति नियमावली से जुड़े संशोधन भी सदन में रखे जाएंगे।मानसून सत्र के दूसरे दिन भी सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान जारी रहने के आसार हैं। जहां विपक्ष सरकार को कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने में जुटी है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह