Bihar Politics: विपक्ष की छाती पर चढ़कर राजनीति करेंगे अशोक चौधरी, कहा-दलित का बेटा हूं, किसी के चाह लेने से...
Bihar Politics: सीएम नीतीश के मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्षियों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दलित का बेटा हूं किसी के चाह लेने से मेरी राजनीतिक हत्या नहीं होगी...पढ़िए आगे...

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है। यह नीतीश कैबिनेट का आखिरी बैठक भी हो सकता है। वहीं प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने आज स्पष्ट किया कि बैठक का अंतिम रूप और एजेंडा सरकार के निर्णय पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि आज कैबिनेट है लेकिन आखिरी है या नहीं ये सरकार तय करेगी। क्या ऐजेंडा बचा हुआ है, क्या घोषणा होनी है यह सरकार पर निर्भर करता है।
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल
अशोक चौधरी ने चुनाव आयोग से जुड़े प्रतिनिधि मंडल से बातचीत के बारे में भी कहा कि आयोग से मिलने के बाद जो भी कमियां हों, उन्हें निराकरण किया जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन इन मामलों को औपचारिक रूप से सुलझा रहा है। वहीं महिला रोजगार योजना और 10-10 हज़ार रुपये के ट्रांसफर पर उन्होंने विपक्ष के सवालों को खारिज करते हुए कहा कि यह योजना चुनावी तुक्केबाज़ी नहीं बल्कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दीर्घकालिक पहल है।
विपक्ष फैला रहा है भ्रम
चौधरी ने कहा कि कई राज्यों ने छोटे-छोटे अनुदान दिए, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर जोर देते हुए महिलाओं को दीर्घकालिक सहायता देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि आगे और सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी। विपक्ष द्वारा वित्तीय वितरण को लेकर उठाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैला रहा है और यह समझना चाहिए कि मुख्यमंत्री ने पैसा सीधे महिलाओं के खातों में भेजा है। मुख्यमंत्री जी पैसा दे दिए, वापस क्यों लेंगे।
अपने बयान पर अड़े चौधरी
प्रशांत किशोर और उनके समर्थकों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए अशोक चौधरी ने तीखा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप अलग बात है, लेकिन बेतुके दावों से किसी की साख तय नहीं हो जाती। अपने विरुद्ध संपत्ति से जुड़े आरोपों का जबाव देते हुए चौधरी ने कहा कि उन्होंने जहानाबाद में जो बयान दिया था, वह स्पष्ट है और अगर कोई उनके घोषित संपत्ति के बारे में प्रमाणित तौर पर कुछ दिखा दे, तो वे जवाब देने को भी तैयार हैं।
किसी के चाहने से नहीं होगी मेरी राजनीतिक हत्या
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि आरोप प्रत्यारोप लगाना अलग बात है। मैंने जहानाबाद में बयान दिया था कि मेरी घोषित संपत्ति के अलावा का एक करोड़ या धुर जमीन भी कोई दिखा देगा तो मैं गुलामी करने के लिए तैयार हूं। कल कोई आए और कहे कि इनका संपत्ति ट्रंप के साथ है आरोप लगाना और बात है। मैंने जो प्रॉपर्टी घोषित की है उसके अलावा एक धुर भी जमीन है तो उसका कागज दिखाइए। किसी का कागज दिखाने से वह अशोक चौधरी का कागज नहीं हो जाएगा। प्रशांत किशोर जो भी बोल रहे हैं मेरे घोषित संपत्ति में है। मैं बैनर पोस्टर लगा कर छात्र जीवन से यहां तक आया हूं। आरोप प्रत्यारोप करने और किसी के चाहने से मेरी राजनीतिक हत्या नहीं होगी। विरोधियों के सीना पर चढ़कर राजनीति करूंगा। दलित का बेटा हूं, किसी से कम बाबा ने हृदय में जगह नहीं दिया है।
जनता के अदालत में होगा फैसला
उन्होंने कहा कि, अदालत का निर्णय लंबा होता है। मैं जनता की अदालत में जा रहा हूं। 2 महीने में रिजल्ट आएगा। बेलागंज में जा कर मैंने जन सुराज को दिखाया है। जन सुराज ने अपना हश्र बेलागंज में देख लिया है। कोई दावा कर लें लेकिन जनता को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा है। नीतीश कुमार के अलावा बिहार में कोई दूसरा नेता पैदा नहीं लिया है। मैं चुनाव लडूंगा नहीं तो चुनाव लड़वाऊंगा। दो में से एक काम करूंगा।