Asia Cup Hockey: एशिया कप 2025 विजेता भारतीय हॉकी टीम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे पुरस्कृत, CM आवास में होगा सम्मान समारोह
Asia Cup Hockey: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के विजेता खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ का सम्मान करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के विजेता खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ का सम्मान करेंगे। यह समारोह मुख्यमंत्री आवास में आयोजित किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षकों, सहायक प्रशिक्षकों और सपोर्टिंग स्टाफ को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये और सपोर्टिंग स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
राजगीर में पहली बार आयोजित हुए हीरो एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया। इस शानदार जीत के साथ भारत ने 2026 वर्ल्ड हॉकी टूर्नामेंट के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। टूर्नामेंट का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया था। इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें शामिल हुईं।
इस बार पाकिस्तान और ओमान की टीमें टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो सकीं। उनकी जगह बांग्लादेश और कजाकिस्तान को खेलने का मौका मिला, जिससे प्रतियोगिता को नया आयाम मिला और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह जिले राजगीर में इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आयोजन की व्यवस्थाएं, सुरक्षा और दर्शकों के लिए की गई तैयारियों की सराहना मीडिया और विशेषज्ञों ने भी की। बिहार को पहली बार ऐसे बड़े खेल आयोजन की मेजबानी मिली, जिसने राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक नई पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री के इस सम्मान समारोह से खिलाड़ियों को न केवल उनकी मेहनत और उपलब्धियों की सार्वजनिक सराहना मिलेगी, बल्कि बिहार सरकार की ओर से उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश भी जाएगा। यह आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह जागृत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।