Bihar Politics: मौसम ने बिगाड़ी नितिन नवीन की यात्रा, खलल के बीच सम्राट चौधरी से बंद कमरे में हुई सियासी चर्चा
Bihar Politics:
Bihar Politics: बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इस फैसले की जानकारी रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जा रही है। वहीं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नवीन ने सोमवार को पटना के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, दिल्ली रवाना होने से पहले उनके आवास पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। जहां दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में मुलाकात हुई।
3 घंटे लेट हुई फ्लाइट
नितिन नवीन को सोमवार सुबह 8.25 बजे की फ्लाइट से दिल्ली जाना था, हालांकि तकनीकी कारणों से उनकी उड़ान करीब तीन घंटे विलंबित हो गई। इसके बावजूद भाजपा कार्यालय में उनके स्वागत की व्यापक तैयारी की गई है। वे थोड़ी देर में दिल्ली के लिए रवाना होंगे। नितिन नवीन फिलहाल बिहार में हैं और एनडीए के तमाम नेता उनसे मुलाकात कर रहे हैं। जदयू-बीजेपी-लोजपा(रा) के तमाम नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उन्हें बधाई दी है।
नितिन नवीन के भव्य स्वागत की तैयारी
दरअसल, भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। जिनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था। इसके बाद वे विस्तार पर बने हुए थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन को भविष्य में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की भी प्रबल संभावना जताई जा रही है। वहीं नितिन नवीन की नियुक्ति पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
बिहार को मिली बड़ी जिम्मेदारी
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जनसंघ काल के बाद पहली बार बिहार को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है और यह नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का उदाहरण है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि इस निर्णय से युवाओं को बड़ा सम्मान मिला है और नितिन नवीन के अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।
जदयू मंत्री का बयान
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि 45 वर्ष की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना यह संदेश देता है कि पार्टी में मेहनत और लगन का सम्मान होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा। नितिन नवीन की इस नियुक्ति को बिहार और भाजपा संगठन दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।