Bihar News: बिहार के स्कूली छात्रों के लिए खुशखबरी! इन 4 जगहों पर फ्री में घुमाएगी सरकार, CM सम्राट चौधरी का ऐलान

Bihar News: बिहार के स्कूली छात्रों के लिए खुशखबरी! इन 4 जगह

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्कूली शिक्षा को अनुभवात्मक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत बच्चों को बापू टावर, बिहार संग्रहालय, पटना म्यूजियम और साइंस सिटी का रूट बनाकर भ्रमण कराया जाए। उन्होंने भवन निर्माण विभाग को पर्यटन और कला एवं संस्कृति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर बापू टावर में अधिक से अधिक लोगों के भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बच्चे फ्री में करेंगे सैर  

रविवार को मुख्यमंत्री ने गर्दनीबाग स्थित बापू टावर का दौरा किया और इसके विभिन्न तल पर स्थापित दीर्घाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह टावर महात्मा गांधी की स्थायी विरासत को संजोए हुए है और यहां उनके जीवन, विचारों और आदर्शों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इसे आम लोगों और नई पीढ़ी के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

मुख्यमंत्री का ऐलान 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टावर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हरियाली को और विकसित किया जाए। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और बापू के जीवन व स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका पर आधारित फिल्म भी देखी। साथ ही ‘सत्याग्रह-बापू टावर का प्रकाशन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।

इनको मिलेगी फ्री एंट्री 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेक्षागृह, प्रतीक्षा कक्ष, लाउंज, शोध केंद्र और अन्य आगंतुक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा तैयार ‘बापू की पाती’ और ‘मोहन से महात्मा’ पुस्तकों के डिजिटल संस्करण को भी देखा, जिन्हें बच्चों के लिए उपलब्ध कराया गया है। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि बापू टावर में स्कूली बच्चों और समूह में आने वाले आगंतुकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था है, जिससे अधिक से अधिक लोग गांधीजी के विचारों और जीवन से परिचित हो सकें।