बाढ़ में खूनी खेल, पार्टी से लौट रहे युवक को मारी गोली; पैसे के विवाद में चली गोलियां

बाढ़ के गुलाबबाग इलाके में सोमवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद और पैसे के लेनदेन को लेकर कुछ अपराधियों ने एक युवक को सरेराह गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब युवक एक पार्टी से लौटकर अपने घर जा रहा था।

बाढ़ में खूनी खेल, पार्टी से लौट रहे युवक को मारी गोली; पैसे

Patna - : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाबबाग में पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक को पैर में गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान करन कुमार के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

पार्टी से लौटते समय घात लगाकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, लहरिया पोखर निवासी करन कुमार एक शोरूम की पार्टी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गुलाबबाग चौक के पास पहुँचे, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली करन के पैर में लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुँचाया गया।

लेनदेन का विवाद: ₹500 के लिए चली गोली?

वीडियो में घायल युवक के साथी और परिजनों ने घटना के पीछे की मुख्य वजह पैसे का लेनदेन बताया है। एक पीड़ित युवक ने बताया कि उसने आरोपी को ₹500 कर्ज दिए थे। जब सोमवार को उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने पैसे देने के बजाय फायरिंग कर दी।

आरोपियों की पहचान: 'मुनचुन' और 'पादो' का नाम आया सामने

परिजनों ने घटना में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान मुनचुन कुमार उर्फ पादो और उसके साथियों के रूप में की है। ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावर करीब 5-6 की संख्या में थे और सभी आधुनिक हथियारों से लैस थे। वीडियो में परिजनों ने यह भी दावा किया कि आरोपी पक्ष शराब बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त है, जबकि घायल युवक बालू के काम से जुड़ा है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और घायल को अस्पताल पहुँचाने में मदद की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Report - Ravi shankar