पूर्व विधायक गोपाल मंडल की बढ़ी मुश्किलें, होलिका दहन में हथियार लहराने का वीडियो वायरल, सिटी डीएसपी ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

भागलपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। होलिका दहन के अवसर पर हथियार लहराने का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने उन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पूर्व विधायक गोपाल मंडल की बढ़ी मुश्किलें, होलिका दहन में हथि

Bhagalpur - भागलपुर के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गोपाल मंडल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में वे होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार का प्रदर्शन करने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

एसएसपी के आदेश पर जांच शुरू 

वीडियो के वायरल होते ही भागलपुर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इसकी जिम्मेदारी जिला स्तर के एक वरीय पदाधिकारी को सौंपी गई है, जो वीडियो की सत्यता और हथियार की वैधता (लाइसेंसी है या नहीं) की पड़ताल करेंगे।

सिटी डीएसपी का बयान: प्राथमिकी दर्ज 

इस मामले पर जानकारी देते हुए सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि पूर्व विधायक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस वीडियो के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुराने विवादों से रहा है नाता 

यह पहला मौका नहीं है जब गोपाल मंडल हथियार को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले जब वे विधायक थे, तब भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भी अपनी रिवॉल्वर के साथ प्रवेश करने को लेकर काफी विवादों में रहे थे। बार-बार हथियार प्रदर्शन की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।

विधिक कार्रवाई की तैयारी 

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह महज एक प्रदर्शन था या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी। यदि हथियार अवैध पाया जाता है या लाइसेंसी हथियार के नियमों का उल्लंघन सिद्ध होता है, तो पूर्व विधायक की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Report - anjanee kumar kashyap