Bihar Assembly Monsoon Session 2026: बिहार मानसून सत्र का पहला दिन ,नीट पेपरलीक पर विपक्ष का हल्लाबोल, कारी सुहैब का भाजपा पर हमला, शिक्षा के भगवाकरण का आरोप, विधान परिषद में निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई
Bihar Assembly Monsoon Session 2026: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले ही दिन सदन के अंदर और बाहर सियासी गर्मी देखने को मिली।
Bihar Assembly Monsoon Session 2026: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले ही दिन सदन के अंदर और बाहर सियासी गर्मी देखने को मिली। विपक्ष ने नीट पेपरलीक मामले को लेकर जमकर हंगामा किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर हमला बोला। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष के समझाने के बाद विपक्षी विधायक शांत हुए और कार्यवाही आगे बढ़ी।
सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्षी दलों के विधायक विधानसभा परिसर में आक्रामक तेवर के साथ पहुंचे। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर उन्होंने विधानसभा पोर्टिको में प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’, ‘नीट छात्रों के साथ न्याय करो’ और ‘पेपरलीक की जवाबदेही तय करो’ जैसे नारे लगाए गए।विपक्षी विधायकों ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान नई शिक्षा नीति-2020 को रद्द करने की मांग वाले पोस्टर भी नजर आए।

कारी सुहैब का भाजपा पर हमला, शिक्षा के भगवाकरण का आरोप
राजद विधान पार्षद कारी सुहैब ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को अपने राजनीतिक एजेंडे के अनुसार चलाना चाहती है।कारी सुहैब ने कहा कि स्कूल और शिक्षा का भगवाकरण किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर शिक्षा में रंग और विचारधारा की बात हो रही है तो भाजपा अपने घरों में ऐसा क्यों नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था की मजबूती से ज्यादा राजनीतिक नियंत्रण की चिंता है।

जदयू का पलटवार, खालिद अनवर बोले- शिक्षा पर हो चर्चा, रंग पर नहीं
वहीं, जदयू विधान पार्षद खालिद अनवर ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल की अवधारणा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच का हिस्सा रही है। स्कूलों के रंग को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि चर्चा शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों के भविष्य पर होनी चाहिए।
उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वह सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे उठा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गंभीरता से काम कर रही है।
तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर सत्ता पक्ष का हमला
जदयू नेता खालिद अनवर ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष देश से बाहर हैं और उन्हें बिहार के मुद्दों से ज्यादा अपने परिवार की चिंता है।सत्ता पक्ष ने इसे विपक्ष की कमजोरी बताया और कहा कि जो नेता सदन में मौजूद नहीं हैं, वह सरकार को घेरने की रणनीति कैसे बनाएंगे।
विधान परिषद में निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई
वहीं, बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे। सोमवार को उनका जन्मदिन होने के कारण सदन के सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। यह भी खास रहा कि बतौर विधान पार्षद निशांत कुमार पहली बार सदन की कार्यवाही में शामिल हुए।सभापति ने अपने प्रारंभिक संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी बधाई दी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद किया। सदन में 12 नवनिर्वाचित सदस्य भी मौजूद रहे।

सत्र में आगे भी टकराव के आसार
मानसून सत्र की शुरुआत से ही जिस तरह सत्ता और विपक्ष आमने-सामने दिखे हैं, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में सदन की कार्यवाही हंगामेदार रह सकती है।विपक्ष जहां नीट पेपरलीक, शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार विकास योजनाओं और अपने कामकाज को लेकर जवाब देने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।पहले दिन का सियासी अखाड़ा साफ संकेत दे चुका है कि बिहार विधानमंडल का यह मानसून सत्र आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक वार-पलटवार से भरपूर रहने वाला है।