लखनऊ हादसे के बाद एक्शन में बिहार सरकार, पटना के कोचिंग संस्थानों में युद्ध स्तर पर फायर ऑडिट शुरू

लखनऊ में हुए भीषण हादसे से सबक लेते हुए बिहार अग्निशमन विभाग ने राजधानी पटना में युद्ध स्तर पर फायर ऑडिट अभियान शुरू कर दिया है। मुसल्लहपुर, बोरिंग रोड और खजांची रोड जैसे छात्र बहुल इलाकों में चल रही इस जांच के बीच विभाग ने सख्त चेतावनी दी है

लखनऊ हादसे के बाद एक्शन में बिहार सरकार, पटना के कोचिंग संस्
पटना के कोचिंग संस्थानों में फायर ऑडिट शुरू- फोटो : अनिल कुमार

Patna : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए भीषण हादसे के बाद बिहार प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। पटना में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बवाल खड़ा होने के बाद बिहार अग्निशमन विभाग की टीम ने राजधानी के दर्जनों कोचिंग सेंटरों पर एक साथ धावा बोला है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर सेफ्टी मानकों की जांच के लिए विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर फायर ऑडिट का अभियान चलाया जा रहा है।


खान सर और ज्ञान बिंदु समेत दिग्गज संस्थानों की जांच: मानकों को खंगाल रही टीम

अग्निशमन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के तहत पटना के सबसे नामचीन और भीड़भाड़ वाले कोचिंग संस्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच टीम 'खान ग्लोबल स्टडीज' (खान सर कोचिंग सेंटर), 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' और 'द प्लेटफॉर्म कोचिंग सेंटर' सहित दर्जनों बड़े संस्थानों में पहुँची है। अधिकारी इन सेंटरों के एंट्री-एग्जिट गेट, फायर एक्स्टिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र), वेंटिलेशन और आपातकालीन रास्तों की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।


पटना के इन प्रमुख इलाकों में सघन चेकिंग: फायर ऑडिट ऑफिसर ने दी जानकारी

फायर ऑडिट ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि पटना के उन इलाकों को विशेष रूप से टारगेट किया गया है जहाँ छात्रों की भारी तादाद रहती है। फिलहाल कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट इलाका, बहादुरपुर बाजार समिति, खजांची रोड और बोरिंग रोड स्थित कोचिंग सेंटरों में सघन फायर ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। इन इलाकों की संकरी गलियों और बहुमंजिला इमारतों में चल रहे सेंटरों पर प्रशासन की पैनी नजर है।


लखनऊ जैसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं: नियमों की अनदेखी पर सील होंगे कोचिंग संस्थान

फायर ऑडिट ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए हादसे की पुनरावृत्ति (दोहराव) बिहार में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी को रोकने के लिए पटना जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अनिवार्य रूप से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही शैक्षणिक कार्य संचालित करें।


नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जेल भेजने की भी तैयारी

अग्निशमन विभाग ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों को कोई ढील नहीं मिलेगी। यदि कोई भी कोचिंग संचालक विभाग द्वारा बनाए गए नियमों और सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करने में विफल पाया जाता है, तो उस पर न केवल कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, बल्कि नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील (बंद) भी कर दिया जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट