बिहार ग्रिड कंपनी का मुनाफा बढ़ा: शेयरधारकों को मिलेगा इतने करोड़ का लाभांश, ऊर्जा मंत्री ने जताई खुशी

बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड (BGCL) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 5% द्वितीय अंतरिम लाभांश की घोषणा की है। कंपनी का संचित लाभ ₹211 करोड़ के पार पहुँचा।

बिहार ग्रिड कंपनी का मुनाफा बढ़ा: शेयरधारकों को मिलेगा इतने क

Patna - : बिहार की बिजली संचरण व्यवस्था को मजबूती दे रही बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड (BGCL) ने अपने शानदार वित्तीय प्रदर्शन के दम पर वर्ष 2025-26 के लिए द्वितीय अंतरिम लाभांश (Second Interim Dividend) की घोषणा की है। सोमवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में कंपनी के ₹211.45 करोड़ के संचित लाभ में से ₹33.74 करोड़ का लाभांश देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

प्रति शेयर 5 प्रतिशत लाभांश की घोषणा

कंपनी की निरंतर परिचालन प्रगति और मजबूत वित्तीय स्थिति को देखते हुए बोर्ड ने ₹10 अंकित मूल्य वाले प्रति इक्विटी शेयर पर ₹0.50 (5 प्रतिशत) का लाभांश स्वीकृत किया है। यह भुगतान कंपनी अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। यह घोषणा न केवल कंपनी की वित्तीय सुदृढ़ता को दर्शाती है, बल्कि अपने शेयरधारकों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी पुख्ता करती है।

ऊर्जा मंत्री ने बताया वित्तीय सुदृढ़ता का प्रतीक

इस उपलब्धि पर ऊर्जा मंत्री  बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह घोषणा राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बीजीसीएल विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं, प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (IAS) ने इस सफलता का श्रेय टीम के समर्पण और कुशल प्रबंधन को दिया।

11 ग्रिडों का संचालन और संयुक्त उपक्रम की भूमिका

वर्तमान में बीजीसीएल राज्य में 11 ग्रिड उपकेंद्रों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। आपको बता दें कि यह कंपनी बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का 50:50 के अनुपात वाला एक संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) है। इसी अनुपात में लाभांश की राशि का वितरण दोनों कंपनियों के बीच किया जाएगा।