Bihar News:शादी के तीन दिन बाद पत्नी गई मायके, नाराज पति चढ़ा मोबाइल टावर पर, गांव में मचा हड़कंप

Bihar News: बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र के अचूआरा गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। ...

Bihar Husband Climbs Mobile Tower
पत्नी के गम में टावर पर चढ़ा पति- फोटो : reporter

Bihar News: पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के अचूआरा गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शादी के महज तीन दिन बाद पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर से पत्नी को वापस बुलाने की मांग करने लगा। देखते ही देखते गांव में खबर फैल गई और टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। युवक के इस कदम से परिजनों से लेकर पुलिस प्रशासन तक के हाथ-पांव फूल गए।

मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की पहचान आकाश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आकाश की शादी बीते 20 नवंबर को हुई थी। नई जिंदगी की शुरुआत के महज तीन दिन बाद ही उसकी पत्नी अपनी नानी के घर बुधनीचक चली गई। बताया जा रहा है कि पत्नी सीतामढ़ी की रहने वाली है। पत्नी के वापस नहीं लौटने से आकाश इस कदर नाराज और परेशान हो गया कि उसने अपनी मांग मनवाने के लिए जान जोखिम में डालने वाला कदम उठा लिया।

गुरुवार को आकाश अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके बाद उसने पत्नी को वापस बुलाने की मांग शुरू कर दी। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। हर कोई उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुट गया। हालांकि, ऊंचाई पर युवक के मौजूद रहने से लोग किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी लगातार आकाश को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारना है।

फिलहाल मौके पर तनाव और कौतूहल का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की निगाहें मोबाइल टावर पर टिकी हैं और पुलिस युवक को शांत कराने की कोशिश कर रही है। शादी के महज तीन दिन बाद शुरू हुआ यह पारिवारिक विवाद अब पूरे गांव के लिए चर्चा का विषय बन गया है।

रविशंकर कुमार की रिपोर्ट