Bihar News : बिहार के IPS आशीष भारती सहित 7 पुलिस अधिकारियों को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक सम्मान,72 घंटे में अपहृत की सकुशल बरामदगी, फिर 10 अपराधियों को उम्रकैद;
Bihar News : वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशीष भारती (IPS 2011) को वर्ष 2026 के लिए केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (Dakshata Padak) से सम्मानित किया गया है।
PATNA : बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशीष भारती (IPS 2011) को वर्ष 2026 के लिए केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (Dakshata Padak) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें एक बेहद सनसनीखेज अपहरण एवं फिरौती मामले की प्रभावी जांच और अपराधियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया है। जिस मामले की जांच के लिए आशीष भारती को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है, वह सासाराम नगर (दरिगांव) थाना कांड संख्या 183/22 से संबंधित है। इस मामले में अपराधियों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर फिरौती की मांग की थी। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर अपहृत व्यक्ति को बिना फिरौती दिए सकुशल बरामद कर लिया था।
अंतरराज्यीय गिरोह के 10 अपराधियों को उम्रकैद
इस सनसनीखेज मामले की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। प्रभावी अनुसंधान और सशक्त अभियोजन के आधार पर वर्ष 2025 में अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला आपराधिक गिरोह के 10 सदस्यों को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यह कार्रवाई न केवल अपहरण के मामले में पीड़ित की सुरक्षित बरामदगी का उदाहरण बनी, बल्कि संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की प्रभावी जांच और अभियोजन की सफलता के रूप में भी सामने आई।
जांच की दक्षता को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
आशीष भारती को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक उनकी जांच क्षमता, पेशेवर दक्षता और अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। IPS आशीष भारती के नेतृत्व में 72 घंटे के भीतर अपहृत की सकुशल बरामदगी से लेकर 10 अपराधियों को आजीवन कारावास दिलाने तक की बिहार पुलिस की यह कार्रवाई काबिलेतारीफ है..जिसकी गवाही आशीष भारती को मिला यह सम्मान है।
अन्य 6 भी हुए सम्मानित
इसके अलावा 6 अन्य पुलिस पदाधिकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किये गए हैं। जिनमें एसपी स्वीटी सहरावत, एएसपी दिनेश कुमार पाण्डेय, इंस्पेक्टर राजकिशोर कुमार, डीएसपी संतोष कुमार रॉय, इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष और दारोगा पंचम कुमार शामिल हैं।