Bihar Special Buses: महापर्व छठ पर प्रवासियों को बड़ी राहत, बिहार सरकार ने शुरू की विशेष अंतरराज्यीय बसें, नोट कर लें टाइम टेबल
Bihar Special Buses: लोकआस्था के महापर्व छठ पर अपने घर-परिवार के बीच पहुंचने की चाह रखने वाले प्रवासी बिहारियों के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ी राहत का इंतजाम किया है।
Bihar Special Buses: लोकआस्था के महापर्व छठ पर अपने घर-परिवार के बीच पहुंचने की चाह रखने वाले प्रवासी बिहारियों के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ी राहत का इंतजाम किया है। त्योहारों के मौसम में दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सफर की परेशानियों को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू की है। गुरुवार को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से 155 विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार की इस पहल से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड में रहने वाले बिहारियों को अपने गांव और घर तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में एक नवंबर से अब तक 746 टिकटों की बुकिंग हो चुकी है। इन यात्रियों को करीब छह लाख रुपये का अनुदान भी दिया जा चुका है। सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के मौके पर यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती सफर उपलब्ध कराया जाए। फिलहाल 155 बसों का परिचालन शुरू किया गया है, जिसे जल्द बढ़ाकर 200 तक करने की योजना है।
पांच राज्यों के लिए 155 बसों का इंतजाम
विशेष बस सेवा पांच नवंबर से 20 नवंबर तक संचालित होगी। इसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, गया जी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से विभिन्न राज्यों के लिए बसें चलाई जा रही हैं। इनमें 32 बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की हैं, जबकि 123 बसों का परिचालन सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत किया जा रहा है।
राज्यवार बसों की संख्या इस प्रकार निर्धारित की गई है:
दिल्ली: 77 बसें
हरियाणा: 60 बसें
झारखंड: 12 बसें
उत्तर प्रदेश: 3 बसें
पश्चिम बंगाल: 3 बसें
इन बसों में एसी, नॉन-एसी, सीटर और स्लीपर श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों के लिए पानी और दही की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लंबे सफर में उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
दिल्ली से गुरुग्राम तक कई शहरों को मिली सीधी कनेक्टिविटी
बसों का परिचालन बिहार के अलग-अलग जिलों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए किया गया है। दिल्ली के लिए अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी और लखीसराय से बसें चलेंगी।
हरियाणा के लिए गुरुग्राम, अंबाला और पानीपत तक सेवाएं निर्धारित हैं। झारखंड के रांची, धनबाद, गुमला और हजारीबाग के लिए भी कई जिलों से बसें उपलब्ध रहेंगी। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद, अयोध्या और वाराणसी के लिए बस परिचालन होगा। वहीं पश्चिम बंगाल के कोलकाता और सिलीगुड़ी तक बिहार के विभिन्न शहरों से सीधी बस सेवाएं मिलेंगी।
प्रकाश पर्व पर भी मिलेगी विशेष बस सेवा
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और परिवहन मंत्री की मंशा है कि त्योहारों में बिहार से बाहर रहने वाले लोग अपनी मिट्टी और परिवार से जुड़ सकें। इसी उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी प्रकाश पर्व के दौरान भी दूसरे राज्यों से बिहार आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी संख्या में अंतर्राज्यीय बसों का परिचालन किया जाएगा।कार्यक्रम में निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त , विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ऐसे करें टिकट की बुकिंग: विशेष बसों में सीट आरक्षित कराने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। सरकार की इस पहल से छठ के मौके पर घर लौटने वाले हजारों प्रवासियों का सफर पहले के मुकाबले अधिक सुगम और किफायती होने की उम्मीद है।