Bihar Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव में आबादी का खेल! 550 दावा-आपत्तियों से गरमाया बिहार का सियासी मैदान, 18 मई तक खुला है एतराज का दरवाजा

Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में नवंबर-दिसंबर में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।...

Bihar Panchayat Poll Draft Sparks Claims Objections Rush
पंचायत चुनाव की बिछी बिसात - फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Panchayat Election 2026:  बिहार में नवंबर-दिसंबर में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने हर निर्वाचन क्षेत्र की जनसंख्या का प्रारूप प्रकाशन कर दिया है, जिसके बाद गांव की सत्ता की लड़ाई अब नए मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। पंचायतों की नई तस्वीर सामने आते ही कई इलाकों में दावे और एतराज़ों की बाढ़ आ गई है। अब तक करीब 550 दावा-आपत्तियां आयोग के पास पहुंच चुकी हैं।

आयोग ने साफ कर दिया है कि आम अवाम, मतदाता और संबंधित पक्ष 18 मई तक ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति या दावा दर्ज करा सकते हैं। यही वजह है कि पंचायत राजनीति में हलचल बढ़ गई है। कहीं वार्ड के परिसीमन पर सवाल उठ रहे हैं तो कहीं जनसंख्या के आंकड़ों को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है।

सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि आयोग ने विवादों को तेजी से निपटाने के लिए अपीलीय व्यवस्था को मजबूत बनाया है। ग्राम पंचायत और पंचायत समिति सदस्य पद के मामलों में प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी प्रथम और जिला निर्वाचन अधिकारी सह जिला पदाधिकारी को द्वितीय अपीलीय अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला परिषद सदस्य पद से जुड़े मामलों में अनुमंडल पदाधिकारी प्राधिकृत पदाधिकारी होंगे, जबकि जिला पदाधिकारी अंतिम अपीलीय प्राधिकार की भूमिका निभाएंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आदेश पारित होने के तीन दिनों के भीतर ही अपील करनी होगी। तय वक्त के बाद आने वाली अपीलों पर कोई सुनवाई नहीं होगी।

निर्वाचन आयोग ने जनता की सहूलियत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-3457-243 भी जारी किया है, जहां लोग चुनाव से जुड़ी शिकायत, सुझाव और जानकारी हासिल कर सकते हैं। पंचायत चुनाव की इस शुरुआती कवायद ने गांव की राजनीति में नई गर्मी ला दी है।