Bihar News: एआई की जंग में बिहार का बजा बिगुल, नई दिल्ली के भारत मंडपम में चमका बिहार पैवेलियन, दुनिया हैरान

Bihar News: देश के विकास की नई दास्तान अब टेक्नोलॉजी की ज़ुबान में लिखी जा रही है, और इस इंकलाबी सफ़र में बिहार ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है।

Bihar pavilion shines in the battle of AI at Bharat Mandapam
एआई की जंग में बिहार का बजा बिगुल- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar News: देश के विकास की नई दास्तान अब टेक्नोलॉजी की ज़ुबान में लिखी जा रही है, और इस इंक़लाबी सफ़र में बिहार ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित “इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो 2026” में बिहार पैवेलियन आकर्षण का मरकज़ बना रहा। विकसित राज्यों और विदेशी टेक विशेषज्ञों के दरमियान बिहार की डिजिटल पेशकश ने सबको चौंका दिया।

समापन दिवस पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार पैवेलियन का दौरा कर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदर्शित एआई-सक्षम चुनावी नवाचारों की खुलकर सराहना की। सुरक्षित ई-वोटिंग समाधान और नागरिक-केंद्रित मोबाइल एप ने लोकतंत्र को तकनीकी मजबूती देने का पैगाम दिया। मंत्री ने कहा कि पारदर्शी और सुरक्षित चुनावी प्रणाली लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

एआई अब महज़ तकनीक नहीं, बल्कि तरक्की की नई तहरीर है। कैलिफ़ोर्निया से आए टेक उद्यमी महेश जो मूलतः नवगछिया, बिहार के हैं ,ने बताया कि उनकी कंपनी Tiger Analytics ने हाल ही में बिहार सरकार के साथ एमओयू किया है। उनका दावा है कि एआई के जरिये कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव की बुनियाद रखी जा चुकी है।

“स्मार्ट खेती” के तहत सेंसर और सैटेलाइट डेटा से मिट्टी की नमी और फसल के स्वास्थ्य की रीयल-टाइम निगरानी संभव होगी। एआई चैटबॉट किसानों को फसल रोग की पहचान और समाधान बताएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में एक्स-रे और सीटी स्कैन का त्वरित विश्लेषण कर टीबी और कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती पहचान की जा सकेगी।

शिक्षा के मैदान में इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक के हजारों छात्रों को एआई में दक्ष बनाने की योजना है। बहुभाषी रोबोट, एआई आधारित सफाई तंत्र और मतगणना में डिजिटल पारदर्शिता ये सब बिहार के बदलते चेहरे की गवाही दे रहे हैं। साफ है, टेक्नोलॉजी की सियासत में अब बिहार पिछलग्गू नहीं, बल्कि अगुवा बनने की तैयारी में है।

रिपोर्ट- हीरेश कुमार