Bihar Police: पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा, 48 घंटे में 1142 अपराधी गिरफ्तार, सूबे से बाहर भागने लगे बदमाश

Bihar Police:बिहार पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर से 1,142 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

Bihar Police Arrest 1142 Wanted Criminals in Special Drive
सूबे से बाहर भागने लगे बदमाश- फोटो : reporter

Bihar Police:बिहार पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर से 1,142 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग के निर्देश पर 30 और 31 अगस्त 2026 को सभी जिलों में चलाए गए इस सघन अभियान का नेतृत्व संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने किया।

दो दिनों तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने सड़कों पर भी सख्त निगरानी रखी। इस क्रम में 54,861 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के मामले में 5,683 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया। पुलिस के मुताबिक इससे कुल 81 लाख 14 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, विभिन्न कांडों में 95 वाहनों को जब्त किया गया।अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी रही। पुलिस ने अलग-अलग जिलों में दबिश देकर 1,142 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई।

पुलिस की कार्रवाई में 13 अवैध आग्नेयास्त्र और 116 कारतूस बरामद किए गए। अवैध हथियारों की बरामदगी पटना, नालंदा, रोहतास, बेगूसराय, खगड़िया, वैशाली, मोतिहारी, सिवान, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा और अररिया जिलों से हुई।शराब के खिलाफ भी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 8,408.915 लीटर देशी शराब और 2,739.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 660 किलोग्राम महुआ नष्ट किया गया।

नशे के कारोबार पर प्रहार करते हुए पुलिस ने 359.267 किलोग्राम गांजा, 142.61 ग्राम स्मैक, 55.22 ग्राम ब्राउन शुगर और 326.06 ग्राम हेरोइन बरामद की। अभियान के दौरान 27 नशेड़ियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 10 मोबाइल फोन और 1,49,466 रुपये नकद भी बरामद किए।बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक इस विशेष अभियान का मकसद अपराधियों, अवैध हथियारों, शराब और मादक पदार्थों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना था। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार