बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का परिणाम जारी, 19,838 अभ्यर्थियों का चयन, 17 ट्रांसजेंडर भी शामिल, यहां चेक करें रिजल्ट

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का परिणाम जारी हो गया जिसके तहत 19,838 पदों पर भर्ती हुई है. विस्तृत परीक्षा परिणाम www.csbc.bihar.gov.in पर देख सकते हैं।

Bihar Police Constable Recruitment results
Bihar Police Constable Recruitment results- फोटो : news4nation

Bihar Police : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस में सिपाही के 19,838 पदों पर भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बुधवार को प्रकाशित की गई। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। अंतिम चयन सूची में 19,838 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें बिहार पुलिस के लिए 16,852 और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए 2,986 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में 12,509 पुरुष, 7,312 महिलाएं और 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। 


दरअसल, 19,838 पदों पर भर्ती के लिए 11 मार्च 2025 को भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत लिखित परीक्षा जुलाई-अगस्त 2025 में छह चरणों में आयोजित हुई थी, जबकि शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 15 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 तक पटना में आयोजित की गई।

17,06,628 अभ्यर्थियों का पंजीकरण

भर्ती प्रक्रिया में कुल 17,06,628 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 13,30,121 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर 99,690 अभ्यर्थियों को PET के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें से 79,932 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हुए।


इन वर्गों में हुआ चयन 

 चयनित अभ्यर्थियों में 332 गृह रक्षक तथा 190 स्वतंत्रता सेनानी आश्रित भी शामिल हैं। आरक्षण श्रेणी के अनुसार सामान्य वर्ग के 7,935, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,983, पिछड़ा वर्ग के 2,381, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 3,571, अनुसूचित जाति के 3,174, अनुसूचित जनजाति के 199 और पिछड़े वर्ग की महिलाओं की श्रेणी से 595 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

इस वेबसाइट पर करें चेक 

पर्षद ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 20 जून 2026 से 19 जुलाई 2026 तक आवंटित इकाई में योगदान देना होगा। नियुक्ति से पहले अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और चिकित्सीय जांच संबंधित नियुक्ति प्राधिकार द्वारा कराई जाएगी। विस्तृत परिणाम www.csbc.bihar.gov.in पर देख सकते हैं।

अनिल की रिपोर्ट