Bihar Police: क्राइम कंट्रोल के साथ डिजिटल दुनिया में भी बिहार पुलिस का सिक्का बुलंद, सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस दिल्ली पुलिस से भी निकली आगे

Bihar Police: अपराध पर नकेल कसने के साथ-साथ अब बिहार पुलिस डिजिटल दुनिया में भी अपना दबदबा लगातार मजबूत कर रही है।...

Bihar Police Ranks Third in India in Social Media Reach
फेसबुक-एक्स पर बिहार पुलिस का तगड़ा नेटवर्क- फोटो : social Media

Bihar Police: अपराध पर नकेल कसने के साथ-साथ अब बिहार पुलिस डिजिटल दुनिया में भी अपना दबदबा लगातार मजबूत कर रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स के मामले में बिहार पुलिस ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। देशभर में पहले नंबर पर यूपी पुलिस और दूसरे स्थान पर केरल पुलिस है, जबकि बिहार पुलिस ने दिल्ली पुलिस को भी पीछे छोड़ दिया है।

फेसबुक पर बिहार पुलिस का खासा दबदबा देखने को मिल रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस देश में दूसरे स्थान पर है। बिहार पुलिस के फेसबुक फॉलोअर्स 12.62 लाख हैं, जबकि केरल पुलिस के 22 लाख और यूपी पुलिस के 5.22 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं एक्स प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस के 5.53 लाख फॉलोअर्स हैं, जो केरल पुलिस के 4.94 लाख से ज्यादा हैं। हालांकि बिहार पुलिस के यूट्यूब चैनल पर सबसे कम 1.15 लाख सब्सक्राइबर हैं।

खास बात यह है कि दो साल पहले बिहार पुलिस सोशल मीडिया रैंकिंग में पांचवें नंबर पर थी, लेकिन अब उसकी डिजिटल मौजूदगी और जनता से जुड़ाव तेजी से बढ़ा है। बिहार सरकार के तमाम विभागों में भी बिहार पुलिस के सोशल मीडिया फॉलोअर्स सबसे ज्यादा हैं।

आंकड़ों के अनुसार पिछले एक साल में बिहार पुलिस के करीब 3.50 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े हैं। वर्तमान में फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत सभी प्लेटफॉर्म पर बिहार पुलिस के कुल 21.77 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 18.27 लाख था।

सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस की कुल रीच 448.30 मिलियन बताई गई है। इसमें फेसबुक पर 4.11 मिलियन, एक्स पर 27.5 मिलियन, इंस्टाग्राम पर 5.90 मिलियन और यूट्यूब पर 3 मिलियन की पहुंच दर्ज की गई है।

डिजिटल दौर में बिहार पुलिस सोशल मीडिया के जरिए अपराध नियंत्रण, साइबर अलर्ट, ट्रैफिक अपडेट और जनजागरूकता अभियान को तेजी से लोगों तक पहुंचा रही है। यही वजह है कि जनता का भरोसा भी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खाकी के प्रति लगातार बढ़ रहा है।