Bihar Politics:पोस्टर पॉलिटिक्स से गरमाई बिहार की सियासत,नीतीश के दिल्ली जाते ही उत्तराधिकार की चर्चा तेज, फ्यूचर CM का नाम सामने आते ही मचा हड़कंप!

Bihar Politics:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली में राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने जा रहे हैं, लेकिन इससे ठीक पहले पटना की सड़कों से लेकर पार्टी दफ्तर तक पोस्टर पॉलिटिक्स और अंदरूनी कलह ने सियासी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। ...

Bihar politics heats up with poster war succession buzz grow
फ्यूचर CM का नाम सामने आते ही मचा हड़कंप!- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत एक बार फिर उबाल पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली में राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने जा रहे हैं, लेकिन इससे ठीक पहले पटना की सड़कों से लेकर पार्टी दफ्तर तक पोस्टर पॉलिटिक्स और अंदरूनी कलह ने सियासी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। दोपहर सवा 12 बजे होने वाले इस शपथ ग्रहण से पहले ही सत्ता के समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।

पटना में जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टरों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इन पोस्टरों में नीतीश  के बेटे निशांत कुमार को फ्यूचर CM बताया गया है और साथ ही लिखा गया है “हे जनेश्वर,  नीतीश सेवक मांगे निशांत… पूछता है बिहार-आप जैसा कौन देगा सुरक्षा गारंटी और पूरा साथ।” इस संदेश ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को और उजागर कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन और संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर जदयू के भीतर असंतोष पहले से ही बढ़ रहा था। कार्यकर्ताओं की नाराजगी अब खुलकर सड़क और पार्टी कार्यालय तक पहुंच गई है।

बता दें इससे पहले भी जदयू के कई कार्यकर्ताओं ने पटना में विरोध प्रदर्शन करते हुए पार्टी नेतृत्व के फैसलों पर नाराजगी जताई थी और पार्टी दफ्तर में तोड़फोड़ जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ नाराजगी नहीं, बल्कि जदयू के भीतर सत्ता और नेतृत्व के भविष्य को लेकर बढ़ते असंतोष का संकेत है। नीतीश कुमार के दिल्ली कनेक्शन और संभावित राजनीतिक बदलाव की अटकलों के बीच फ्यूचर CM वाले पोस्टर ने आग में घी डालने का काम किया है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली में शपथ के बाद पटना लौटकर नीतीश कुमार किस तरह इस सियासी असंतोष और अंदरूनी बगावत को संभालते हैं, क्योंकि बिहार की राजनीति में यह सिर्फ पोस्टर नहीं, बल्कि भविष्य की सत्ता की दस्तक मानी जा रही है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह