बिहार की सियासत: चेहरों की भीड़, समीकरणों का खेल और एक बड़ा सस्पेंस! भाजपा से सीएम कौन

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा यह सवाल आम लोगों की तरह ही बिहार भाजपा के नेताओं को भी खाए जा रहा है. इसमें कई नेता रेस में कहे जा रहे हैं लेकिन सम्राट को सबसे आगे बताया जा रहा है

Bihar politics
Bihar politics- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार की राजनीति इन दिनों ऐसे चौराहे पर खड़ी है, जहां हर तरफ सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है—आखिर अगला मुख्यमंत्री कौन? क्या यह लड़ाई कुछ चर्चित चेहरों के बीच सिमटकर रह जाएगी, या फिर अंतिम क्षण में कोई ऐसा नाम सामने आएगा, जो पूरे राजनीतिक परिदृश्य को बदल देगा? सबसे पहले बात उस नाम की, जिसकी चर्चा सबसे ज्यादा है—सम्राट चौधरी।


तेजतर्रार शैली, संगठन पर मजबूत पकड़ और आक्रामक राजनीतिक तेवर—इन सबने उन्हें मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे खड़ा कर दिया है। लेकिन क्या यही तेजी उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती भी बन रही है? क्या बीजेपी के अंदर कहीं न कहीं गुटबाजी की हलचल है? क्या यह चर्चा कि उनका पारंपरिक जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उतना गहरा नहीं रहा, पार्टी के कुछ वर्गों को असहज कर रही है? और सबसे बड़ा सवाल—क्या उनकी बढ़ती लोकप्रियता ही दूसरे नेताओं के लिए चिंता का कारण बन रही है?


विजय कुमार सिन्हा

वर्तमान उपमुख्यमंत्री, सधी हुई छवि, संगठन के साथ मजबूत तालमेल और आरएसएस पृष्ठभूमि—क्या ये सभी गुण उन्हें “संतुलित और स्वीकार्य चेहरा” नहीं बनाते?  खुद उनका बयान—“मैं मुख्यमंत्री की रेस में नहीं, सेवक की रेस में हूं”—क्या वाकई सादगी का प्रतीक है या फिर राजनीति की परंपरागत रणनीति? क्या बिहार की राजनीति में ऐसे बयान अक्सर बड़े संकेत नहीं होते? सिर्फ यही नहीं, सरकार और संगठन के भीतर “विजय” नाम के अन्य नेताओं की भी मौजूदगी समीकरण को और दिलचस्प बनाती है। क्या यह बहुस्तरीय नेतृत्व बीजेपी के अंदर संतुलन बनाए रखने की रणनीति है, या फिर यही आगे चलकर प्रतिस्पर्धा का कारण बनेगा?


 “सप्राइज फैक्टर” बनकर उभर रही हैं श्रेयसी सिंह

राजपूत समाज से आने वाली, अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज, युवा और महिला चेहरा—क्या ये सभी गुण उन्हें बीजेपी के लिए एक “मास्टर स्ट्रोक” बना सकते हैं? क्या नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात, आने वाले चुनावों की रणनीति का हिस्सा है? अगर ऐसा है, तो क्या बिहार में भी महिला नेतृत्व को आगे लाकर एक बड़ा संदेश देने की तैयारी हो सकती है? इसी कारण यह भी कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चुनावी समीकरण को देखते हुए महिला चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है? इसी तरह अपर कास्ट की नाराजगी—जो यूजीसी जैसे मुद्दों को लेकर चर्चा में रही है—उसे संतुलित करने के लिए श्रेयसी सिंह जैसा चेहरा एक प्रभावी विकल्प बन सकता है?


अहम और निर्णायक किरदार—नीतीश कुमार

क्या उनकी सहमति के बिना बीजेपी अपना मुख्यमंत्री चेहरा तय कर सकती है? मौजूदा गठबंधन की राजनीति को देखते हुए क्या यह साफ नहीं है कि किसी भी नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए उनकी स्वीकृति जरूरी होगी? और अगर ऐसा है, तो क्या नीतीश कुमार अपने पुराने अंदाज में एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लेंगे? क्या वे इन चर्चित नामों में से किसी एक पर सहमति देंगे, या फिर कोई ऐसा नया चेहरा सामने लाएंगे, जो अभी चर्चा में भी नहीं है? यहां एक और बड़ा समीकरण सामने आता है—“लव-कुश” राजनीति का। क्या इस सामाजिक आधार को मजबूत करने की रणनीति में भविष्य की राजनीति छिपी है? और क्या निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक एंट्री ने इस पूरे खेल को और जटिल बना दिया है? क्या यह माना जाए कि अगर सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो वे इस सामाजिक समीकरण के बड़े नेता के रूप में स्थापित हो जाएंगे? और क्या इससे भविष्य में निशांत कुमार के लिए रास्ता कठिन हो सकता है? अगर ऐसा है, तो क्या नीतीश कुमार ऐसा जोखिम लेना चाहेंगे?


 नामों का नहीं रणनीति का खेल 

बीजेपी नेतृत्व—खासतौर पर नरेंद्र मोदी—एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला ले सकते हैं? जिस तरह उन्होंने अलग-अलग राज्यों में नए और अप्रत्याशित चेहरों को आगे बढ़ाया, क्या बिहार में भी वैसा ही “सप्राइज कार्ड” खेला जाएगा? या फिर यह पूरी लड़ाई अंततः संगठन, सामाजिक समीकरण और गठबंधन की मजबूरियों के बीच तय होगी? तो क्या बिहार का अगला मुख्यमंत्री वही होगा, जिसका नाम आज सबसे ज्यादा चर्चा में है? या फिर आखिरी समय में ऐसा नाम सामने आएगा, जो सभी अटकलों को खत्म कर देगा? फिलहाल तस्वीर धुंधली है, लेकिन इतना तय है—बिहार की सियासत में आने वाले दिन बेहद दिलचस्प होने वाले हैं, जहां हर फैसला सिर्फ आज नहीं, बल्कि भविष्य की राजनीति को भी तय करेगा।

कमलेश की रिपोर्ट