Bihar School Closed: बिहार के 2 जिलों में 13 तो इन 2 में 14 जनवरी तक सभी स्कूल बंद, DM का सख्त आदेश, नहीं खुलेंगे विद्यालय

Bihar School Closed: बिहार के 4 जिलों में स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी गई है। 2 जिलों में 13 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है तो वहीं 2 अन्य जिलों में 14 जनवरी तक विद्यालय नहीं खुलेंगे। डीएम ने सख्त आदेश जारी किया है।

स्कूल बंद
14 जनवरी तक स्कूल बंद - फोटो : social media

Bihar School Closed: बिहार में भीषण ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। कई जिलों में शीतलहर और कोल्ड वेव का असर देखने को मिल रहा है। इस कारण कई स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 3 दिनों में और अधिक ठंड बढ़ने की संभावना है। ऐसे में बिहार के 4 जिलों में स्कूल की छुट्टी बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है। साथ ही सख्त से आदेश का पालन करने को कहा है। बेगूसराय और आरा में 13 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक की सभी कक्षाएं बंद कर दी गई है तो वहीं सहरसा और मधेपूरा में 14 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी गई।

बेगूसराय आरा में 13 जनवरी तक आठवीं तक स्कूल बंद

दरअसल, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 से 72 घंटे तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है, जिसके चलते जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। बेगूसराय जिले में लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार 11 जनवरी से 13 जनवरी तक जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र सहित कक्षा आठवीं तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। वहीं आरा जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई 13 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।

10 बजे से संचालित होंगे अन्य कक्षाएं 

बेगूसराय में कक्षा आठवीं से ऊपर की पढ़ाई विशेष सावधानी के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक केवल पका हुआ गर्म भोजन दिया जाएगा। बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित गतिविधियों को इस आदेश से छूट दी गई है। जबकि आरा में कक्षा आठ से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगी। यहां भी बोर्ड और प्री-बोर्ड से जुड़ी कक्षाएं और परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।

सहरसा में 10वीं तक स्कूल 14 जनवरी तक बंद

सहरसा जिले में ठंड की स्थिति और गंभीर बनी हुई है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कक्षा 10वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। कक्षा 11वीं और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष सावधानी के साथ संचालित होंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दोपहर 12 से 2 बजे तक गर्म पका भोजन दिया जाएगा।

मधेपुरा में भी 14 जनवरी तक स्कूल बंद

मधेपुरा जिले में भी ठंड को देखते हुए 14 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि सभी जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दोपहर 12 से 2 बजे तक गर्म पका भोजन परोसा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे भी आवश्यकतानुसार आदेश जारी किए जाएंगे।