Bihar School Closed: बिहार के इन जिलों में स्कूल 4 जनवरी तक बंद, कई जिलों में छुट्टी बढ़ी, डीएम का सख्त आदेश, अभी और ठिठुरेगा प्रदेश

Bihar School Closed: बिहार में कड़ाके की ठंड जारी है। इसी बीच प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। लखीसराय में 4 जनवरी तक स्कूल बंद कर दिया गया है। वहीं पटना सहित कई जिलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई है।

स्कूल बंद
4 जनवरी तक स्कूल बंद - फोटो : social media

Bihar School Closed: बिहार पिछले एक सप्ताह से भीषण शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में कनकनी बढ़ गई है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मंगलवार को मुंगेर 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण अब आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच प्रदेश के कई जिलों के डीएम ने स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि अगर मौसम में सुधार नहीं होता है तो छुट्टियां बढ़ा दी जाएगी। 

4 जनवरी तक बंद हुआ स्कूल 

जानकारी अनुसार शीतलहर के कारण लखीसराय में 4 जनवरी कर सभी निजी और सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। 4 जनवरी तक शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगा। यह आदेश कक्षा 8 तक के लिए जारी किया गया है। 9वीं से ऊपर का क्लास जारी रहेगा। वहीं पटना और बक्सर के सभी स्कूल 26 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। जहानाबाद में कक्षा एक से आठ तक के स्कूल 27 दिसंबर तक बंद रहेंगे। बांका में 31 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। किशनगंज में स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव करते हुए अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

डीएम का सख्त आदेश 

समस्तीपुर जिले में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों सहित में कक्षा 1 से 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। 27 दिसंबर तक स्कूल बंद रहेगा। हालांकि, बोर्ड एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के लिए आयोजित विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी। बता दें कि यदि ठंड बढ़ती रही तो आदेश को बढ़ाया जा सकता है। 

हवाई सेवाएं भी प्रभावित 

दूसरी ओर घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कोहरे के कारण 4 फ्लाइट रद्द करनी पड़ीं, जबकि 20 जोड़ी विमानों की आवाजाही प्रभावित रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के 4 जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 8 जिलों में 11 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया है। अगले पांच दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है। 

क्यों बढ़ रहा ठंड 

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पछुआ जेट स्ट्रीम समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है और इसकी रफ्तार लगभग 140 नॉट है। इसी के प्रभाव से उत्तर भारत के साथ-साथ बिहार में भी ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है, जो फिलहाल जारी रहने की संभावना है।