Bihar storm news: बिहार में आंधी-बारिश का कहर, 11 लोगों की दर्दनाक मौत, पेड़, दीवार, टीन शेड बने मौत का जाल, तूफान का खतरा अभी बाकी
Bihar storm news: तेज आंधी और तूफान में राज्यभर में अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।...
Bihar storm news:बिहार में मौसम ने ऐसा करवट बदली कि गर्मी से मिली राहत, मातम में तब्दील हो गई। प्री-मानसून की बारिश ने जहां तपिश से फौरी निजात दी, वहीं तेज आंधी और तूफान अपने साथ तबाही और मौत का पैगाम लेकर आए। राज्यभर में अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। हालात ये हैं कि आसमान का मिज़ाज अभी भी नासाज़ है और खतरा टला नहीं है।
बुधवार की शाम आई तेज आंधी ने खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार में कहर बरपाया। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेतिया और दरभंगा समेत 7 जिलों में 7 लोगों की मौत हो गई। सारण के में एक महिला की जान उस वक्त चली गई जब हवा में उड़ता हुआ टीन शेड उसके ऊपर आ गिरा। मशरक में दीवार गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। छपरा में डायल 112 की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सुपौल में तूफान की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। यहां एक बुजुर्ग की मौत तब हुई जब उनके घर पर पेड़ गिर पड़ा। बक्सर में भी ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जहां झोपड़ी पर पेड़ गिरने से एक वृद्ध की जान चली गई। वहीं औरंगाबाद में वज्रपात ने एक और जिंदगी छीन ली।राजधानी पटना में भले ही बारिश नहीं हुई, लेकिन 89 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने सबको दहला दिया। इस आंधी का असर यह हुआ कि तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री पर आ गया।
राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी भभुआ में रही, जहां पारा 41.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि मधुबनी सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो राजगीर में 17.5 मिमी और सुपौल में 37 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि आंधी-तूफान का यह सिलसिला अभी जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को हिदायत दी गई है कि वे सतर्क रहें, खुले स्थानों से दूर रहें और मौसम की हर अपडेट पर नजर बनाए रखें।