भ्रष्ट एक्सक्यूटिव इंजीनियर पर SVU का शिकंजा, ED की रेड में मिला था 1 करोड़, अब आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज

विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इससे पहले ED की छापेमारी में इनके घर से 1 करोड़ रुपये मिले थे।

भ्रष्ट एक्सक्यूटिव इंजीनियर पर SVU का शिकंजा, ED की रेड में

Patna -  बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है । नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है । यह कार्रवाई आज, 9 अप्रैल 2026 को विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-13/2026 के तहत की गई है 

रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति का मामला

SVU के अपर पुलिस महानिदेशक श्री पंकज कुमार दाराद ने बताया कि अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई है कि उमेश कुमार सिंह ठेकेदारों के बिल भुगतान के बदले रिश्वत की राशि लेते थे । उन पर सरकारी पद का दुरुपयोग कर नाजायज तरीके से 'मेसर्स रिलायबल इन्फ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' और अन्य अभिकर्ताओं को लाभ पहुँचाने का गंभीर आरोप है । जाँच में पाया गया कि फरवरी 2014 में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) से सेवा शुरू करने के बाद से अब तक उन्होंने अवैध तरीके से अकूत संपत्ति जमा की है 

ED की छापेमारी में मिला था 1 करोड़ नगद

उल्लेखनीय है कि कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह पहले से ही केंद्रीय जांच एजेंसियों के रडार पर थे । 27 मार्च 2025 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके आवास पर छापेमारी की थी, जहाँ तलाशी के दौरान 1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे । अब SVU ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान तेज कर दिया है 

समस्तीपुर से भागलपुर तक रहा है कार्यकाल

अभियुक्त उमेश कुमार सिंह ने अपनी सेवा के दौरान समस्तीपुर, आरा और भागलपुर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर पदस्थापन किया है । SVU की जाँच अब इस बात पर केंद्रित है कि इन विभिन्न जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने कितनी अचल और चल संपत्तियां अर्जित की हैं 

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

विशेष निगरानी इकाई ने आम जनता से अपील की है कि रिश्वत मांगने से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत कार्यालय अवधि में दर्ज कराई जा सकती है । इसके लिए विभाग ने दूरभाष संख्या 0612-2506253 और मोबाइल नंबर 9031633644 जारी किया है 

Report - anil kumar