Bihar Board Inter Exam 2026: इंटर परीक्षा के दूसरे दिन बिहार में सख़्ती का शिकंजा, चिट-बेल्ट-जूते सब बाहर, सख़्त पहरे और कड़ी निगरानी का दिखा मंजर

Bihar Board Inter Exam 2026: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन सूबे भर में सख़्त पहरे और कड़ी निगरानी का मंजर देखने को मिला।...

Bihar Tightens Exam Rules on Day 2 No Cheats Belts Shoes Str
इंटर परीक्षा के दूसरे दिन बिहार में सख़्ती का शिकंजा- फोटो : social Media

Bihar Board Inter Exam 2026: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन सूबे भर में सख़्त पहरे और कड़ी निगरानी का मंजर देखने को मिला। मंगलवार की पहली पाली में जैसे ही गणित की परीक्षा शुरू हुई, परीक्षा केंद्रों के बाहर अफरा-तफरी और अंदर अनुशासन का सख़्त निज़ाम नजर आया। तय समय के बाद सेंटर के गेट बंद कर दिए गए और देरी से पहुंचे छात्रों के लिए नो एंट्री का फरमान सुना दिया गया।

पटना से लेकर सहरसा, छपरा, मुजफ्फरपुर और नालंदा तक परीक्षा केंद्र चेकिंग जोन में तब्दील नजर आए। छात्रों की घड़ी, बेल्ट, जूते-मोजे तक उतरवा दिए गए। कई केंद्रों पर परीक्षार्थी सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन लेकर ही अंदर दाखिल हुए। ठंड के बावजूद छात्रों को नंगे पांव परीक्षा देने को मजबूर होना पड़ा, जिससे बाहर खड़े अभिभावकों में नाराज़गी भी दिखी।

इसी बीच सहरसा से नकल का सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक छात्र की जींस से पांच से ज्यादा चिट बरामद की गईं। नालंदा में कुछ छात्र दौड़ते-भागते और गेट फांदकर सेंटर में घुसने की कोशिश करते दिखे। छपरा के ब्रजकिशोर किंडरगार्टन परीक्षा केंद्र पर छात्राओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां सभी चप्पल में नजर आईं। मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज में छात्रों की बेल्ट बाहर उतरवाई गई, तो पटना के कमला नेहरू मीडिल स्कूल में पहले दिन के हंगामे के बाद आज लाउडस्पीकर से सख़्त निर्देशों का एलान किया गया।

पहले दिन ही नकलचियों पर गिरी गाज ने प्रशासन का मिज़ाज साफ कर दिया था। 8 जिलों में 26 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए और सीधे निष्कासन की कार्रवाई हुई। नवादा में सबसे ज्यादा 13 छात्र बाहर किए गए। जहानाबाद, गोपालगंज, मधेपुरा, भागलपुर, गया, अररिया और कटिहार से भी नकल के मामले सामने आए। शेखपुरा में तो एक छात्र दूसरे की जगह परीक्षा देता पकड़ा गया।

दूसरी ओर, कई जगह इंसानी दर्द भी दिखा। बेगूसराय में लेट होने पर छात्राएं फूट-फूटकर रोती नजर आईं। जहानाबाद में एक कैदी हथकड़ी में परीक्षा देने पहुंचा तो शास्त्रीनगर के एक केंद्र पर मुस्लिम छात्राओं का हिजाब हटवाए जाने को लेकर बहस छिड़ गई।

राज्यभर में 1,762 परीक्षा केंद्रों पर 13 लाख से ज्यादा परीक्षार्थियों का इम्तिहान जारी है। प्रशासन का साफ संदेश है इंटर परीक्षा में नकल की कोई गुंजाइश नहीं, कानून का डंडा पूरी सख़्ती से चलेगा।