Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश के आसार, मौसम विभाग ने 3 दिनों के लिए शीतलहर का जारी किया अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट भी जारी किया। साथ ही मौसम विभाग ने 3 दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

ठंड
ठंड के बीच बारिश के आसार - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड का प्रकोप जारी है। नवंबर मध्य में ही कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। पिछले कई दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, लेकिन अब इसमें तेज गिरावट दर्ज की जा रही है और यह गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अचानक बढ़ी ठिठुरन ने लोगों को रजाई और गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर महसूस होती है, लेकिन सुबह-शाम की सर्द हवा लोगों को कंपकंपा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि यह ठंड अभी और बढ़ेगी और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

नवंबर में दिसंबर जैसा ठंड 

मौसम विभाग के अनुसार सुबह और शाम को धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन का मौसम शुष्क और साफ रहेगा। दिन में धूप चमकने के बावजूद रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। फिलहाल रात का तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि विशेषज्ञों का कहना है कि जल्द ही यह 5 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। पछुआ हवाओं की तेज रफ्तार के चलते ठंड का असर और बढ़ा है। जिससे नवंबर में ही दिसंबर जैसा अहसास होने लगा है।

दक्षिण बिहार में सबसे ज्यादा ठंड 

दक्षिण बिहार के सीमावर्ती जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा और बक्सर में न्यूनतम तापमान एक अंक में दर्ज किया गया है। कैमूर के अधौरा प्रखंड में तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य का न्यूनतम तापमान रहा। सीमांचल के क्षेत्रों में तापमान अन्य जिलों की तुलना में थोड़ा अधिक है, लेकिन वहां भी सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ गई है।

तीन दिनों के लिए शीतलहर की चेतावनी 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कटिहार, पूर्णिया, खगड़िया, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम रहने की संभावना है, जिससे शीतलहर की स्थिति बन सकती है। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने की आशंका है, जिससे यात्रियों और स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

20 नवंबर तक बारिश के आसार 

रविवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रही। औरंगाबाद इस दौरान सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया, नवादा और बक्सर में भी न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 20 नवंबर तक बारिश होने की संभावना जताई है। 

जानिए पटना का तापमान 

मौसम विभाग ने बताया कि पटना में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दक्षिण बिहार में दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री और रात का 12 से 15 डिग्री के बीच रहेगा। उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 14 से 17 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि पूर्वी बिहार में दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री और रात का तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।