Bihar weather: बिहार के 38 जिलों में आंधी -बारिश का अलर्ट जारी, 12 जिलों में होगी झमाझम बारिश, समय से पहले आएगा मानसून

Bihar weather: बिहार के 38 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट और 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की मानें तो बिहार में समय से पहले मानसून आ सकता है।

बारिश
38 जिलों में बारिश का अलर्ट - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar weather:  बिहार में कहीं बारिश और कहीं धूप का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 38 जिलों में अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज और 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।  शनिवार रात से ही राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और सुपौल में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग की मानें तो राज्य में मानसून समय से पहले आ सकता है। 

38 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार के जिलों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर सहित 12 जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, राजधानी पटना समेत 26 जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

अलर्ट मोड पर बिहार

राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। सभी जिलाधिकारियों को संभावित आपदा से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। रेस्क्यू टीमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खासतौर पर खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले मैदानों में रहने वाले लोगों को सतर्कता बरतने की चेतावनी दी है। साथ ही, बिजली गिरने के समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने और सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील की गई है।

तापमान का हाल

राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे। रोहतास में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा। पटना का तापमान 36.1 डिग्री और बांका का न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने आज 12 पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, शेखपुरा, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

समय से पहले आएगा मानसून

इस वर्ष मानसून ने समय से आठ दिन पहले 23 मई को केरल में दस्तक दी है। यह पिछले 16 वर्षों में सबसे पहले आया मानसून है। अब इसके जल्द ही तमिलनाडु और कर्नाटक पहुंचने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अगले एक सप्ताह में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्सों में पहुंच जाएगा, जबकि चार जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है। हालांकि, बिहार में मानसून के अपने निर्धारित समय 13 से 15 जून के बीच ही पहुंचने की संभावना है। पिछले वर्ष यहां मानसून 20 जून को पहुंचा था, जिससे राज्य में सामान्य से 20% कम वर्षा हुई थी। इस वर्ष मौसम विभाग ने राज्य में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया है।