Bihar Weather: बिहार में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा होने का अनुमान है। दिन और रात दोनों समय गर्मी में वृद्धि होगी। मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस बीच, पर्वतीय इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। यदि यह प्रभावी रहा, तो अधिकतम तापमान नियंत्रण में रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
28 फरवरी को इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 फरवरी को कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 1 मार्च को नवादा, जमुई, भागलपुर, बांका और कटिहार में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। बुधवार को पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे। 17 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में 2 से 3 डिग्री होगी वृद्धि
मौसम विभाग की मानें तो अगले 3-4 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा मार्च की शुरुआत हल्की बारिश के साथ होने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किमी की ऊंचाई पर बने चक्रवाती परिसंचरण में कमी आई है, जबकि 3.1 किमी की ऊंचाई पर मौजूद ट्रफ भी कमजोर हो रहा है। 2 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका हल्का असर बिहार पर भी पड़ सकता है। इससे कुछ इलाकों में हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव संभव है। हालांकि, मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
आज का मौसम
27 फरवरी को बिहार में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में तेज धूप के साथ हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की पछुआ हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28°C से 32°C के बीच और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रह सकता है। 26 फरवरी को बिहार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। आंशिक बादल छाए रहने के कारण तापमान में अधिक वृद्धि नहीं हुई। इस दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.9°C राजगीर में रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4°C जीरादेई में दर्ज हुआ। वहीं, खगड़िया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 18.5°C रहा।