Bihar Weather: बिहार के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की संभावना, IMD की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार के 27 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की संभावना जताई है।

बारिश
27 जिलों में बारिश का अलर्ट - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में प्री-मानसून का दौर भी अब अंतिम चरण पर है। मौसम विभाग की मानें तो 15 जून से राज्य में मानसून आ सकता है। वहीं इन दिनों राज्यभर में कहीं धूप तो कहीं बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी पटना में लोगों को गर्मी झेलनी पड़ रही है। सुबह से ही धूप निकल जा रही है। वहीं मंगलवार को बिहार का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है, वहीं बारिश की गतिविधियां भी बनी रहेंगी।

इन जिलों में अलग अलग हालात 

राजधानी पटना और आसपास के जिलों में मंगलवार को छिटपुट बारिश हुई, जबकि सीमांचल के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनज़र अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

27 जिलों में बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग (IMD) पटना के अनुसार, आज बिहार के 27 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें से 12 जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है, जबकि 15 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश वाले जिलों में सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, गया, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं।

इन जिलों में रहेगा मौसम शुष्क

वहीं, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इन इलाकों में आज अधिकतम तापमान 32°C से 36°C के बीच रह सकता है। वहीं 15 जून से बिहार में मानसून की एंट्री होगी जिसके बाद झमाझम बारिश का दौर शुरु हो सकता है।