Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 5 डिग्री तक गिरा पारा, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार में अब कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। दिन का तापमान नर्म होने लगा है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। घने कुहासे से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

ठंड
कई जिलों में अलर्ट जारी - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार में ठंड का असर दिखने लगा है। कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। सुबह और शाम में ठंड बढ़ती जा रही है। घने कुहासे से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। सूरज ढलते ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।

कई जिलों में छाया रहेगा कोहरा

पिछले 24 घंटों में दक्षिण बिहार के सभी 19 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में इस सीजन का सबसे कम तापमान 5.7°C रिकॉर्ड हुआ। जिससे पहाड़ी और दक्षिणी इलाकों में ठंडी हवा और तीखी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि अगले 48 घंटों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। 

पारा रहेगा 5 से 12°C के बीच

पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, जमुई, बांका, पटना, औरंगाबाद, गया, नवादा, लखीसराय, सासाराम और कैमूर जिलों में सामान्य से कम तापमान के साथ दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में रात का तापमान 5 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन का तापमान भी 24-28°C के आसपास रह सकता है। 8 दिसंबर के बाद तापमान में 1-2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन पछुआ हवा की रफ्तार 40 किमी/घंटा तक पहुँच सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।

15 दिसंबर के बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि 15 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है और शीतलहर की स्थिति बन सकती है। कई जिलों में रात का तापमान 5°C के करीब या इससे नीचे जा सकता है। विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।