Bihar Weather: बिहार में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, , 25 जिलों में भारी बारिश के आसार, जानिए किन जिलों पर सबसे बड़ा खतरा

Bihar Weather:राज्य के 25 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।....

Bihar Weather Alert Heavy Rain Storms to Hit 25 Districts 29
बिहार में मौसम का बड़ा यू-टर्न- फोटो : reporter

Bihar Weather: बिहार में मानसून ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन इसकी रफ्तार अभी भी सुस्त बनी हुई है। हालांकि अब मौसम करवट लेने के मूड में नजर आ रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी सोमवार को प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने राज्य के 25 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले सात दिनों तक बिहार के अधिकांश इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और कई जगहों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

रविवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम गर्म और खुश्क बना रहा। पटना, मोतिहारी, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी ने बेहाल रखा। सोमवार को पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। बारिश होने पर तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, लेकिन लगातार बारिश के बिना उमस से पूरी राहत मिलने के आसार कम हैं।

मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा बिजली चमकने की स्थिति में पक्के मकानों के भीतर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली मजबूत मौसमी द्रोणिका (ट्रफ लाइन) और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी युक्त हवाओं के संयुक्त असर से पूरे प्रदेश में मौसम बेहद सक्रिय हो गया है। खासकर भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में दिनभर घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ इलाकों में मूसलाधार वर्षा की संभावना है। हालांकि बारिश के बावजूद वातावरण में नमी अधिक रहने से फिलहाल उमस से लोगों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।