Bihar Weather:सावधान बिहार! उमस से तड़पे सूबे को मिलेगी राहत, पटना समेत 27 जिलों में गरज-चमक, बारिश और आंधी का अलर्ट, 12 जिलों में ठनका गिरने की आशंका

Bihar Weather: मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 27 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Bihar Weather Alert Storm Rain Lightning Warning in 27 Distr
पटना समेत 27 जिलों में गरज-चमक, बारिश और आंधी का अलर्ट- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार में पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से आम जनजीवन बेहाल हो गया है। तेज धूप, बढ़ते तापमान और नमी भरी हवाओं ने लोगों की परेशानियों को काफी बढ़ा दिया है। हालांकि आज यानी  शनिवार की सुबह मौसम ने करवट ली है और कई जिलों में बारिश के साथ लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 27 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली यानी ठनका गिरने की प्रबल आशंका भी जताई गई है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।

शनिवार सुबह बेगूसराय में हुई बारिश ने लोगों को राहत की सांस दी। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और मौसम सुहावना बना रहा। वहीं मुंगेर में भी तेज बारिश दर्ज की गई। खगड़िया में ठंडी हवाओं के साथ बादलों का डेरा बना हुआ है, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिलों के लिए जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका सबसे अधिक बताई गई है।

वहीं राजधानी पटना और धार्मिक नगरी गयाजी सहित 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर शामिल हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के चलने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। अब मौसम में आए इस बदलाव से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन विभाग ने साफ किया है कि खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतना बेहद जरूरी है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।