Bihar Weather: बिहार में आंधी, बारिश और बिजली का ट्रिपल अटैक! सीमांचल-मिथिलांचल में हाई अलर्ट, पटना समेत बिहार के 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी

Bihar Weather: मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले खतरे को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। ...

Bihar Weather Braces for Triple Attack Alert in 19 Districts
बिहार में आंधी, बारिश और बिजली का ट्रिपल अटैक!- फोटो : X

Bihar Weather:  भीषण गर्मी और तपती धूप से बेहाल बिहारवासियों के लिए आखिरकार मौसम ने राहत की सांस दी है। आसमान से बरसी बारिश ने जहां तापमान में गिरावट दर्ज कर लोगों को सुकून पहुंचाया, वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले खतरे को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। गरज-तड़क, तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का सिलसिला लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा सकता है।

राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में आसमान पर बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आज गया, जहानाबाद, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार में झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी तो कहीं मध्यम से भारी बारिश लोगों की दिनचर्या पर असर डाल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि उत्तर और पूर्वी बिहार में मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक रूप ले सकता है। मिथिलांचल और सीमांचल के जिलों में तेज मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

राहत की बात यह है कि बारिश के चलते अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लू के थपेड़ों से काफी राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। 15 मई तक मौसम की यह आंख-मिचौली जारी रह सकती है, जिसके बाद पछुआ हवाओं के असर से एक बार फिर गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा सकती है। बिहार में फिलहाल मौसम राहत और आफत दोनों का पैगाम लेकर आया है।