Bihar Weather: पटना सहित 13 जिलों में कोल्ड डे, 3.1 डिग्री पहुंचा टेम्परेचर, 24 घंटे के लिए खतरनाक अलर्ट जारी, इस दिन से होगी बारिश
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। ठंड के कारण अब घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए खतरनाक अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कड़ाके की ठंड ने जनजवीन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए खतरनाक अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भीषण ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कनकनी और ठिठुरन से हाल और बेहाल होगा। वहीं आज पटना सहित 13 जिलों के लिए शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है।
पटना में शीत दिवस
मौसम विभाग की मानें तो सोमवार और मंगलवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे का अलर्ट प्रभावी रहेगा। शनिवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे प्रदेश के 32 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। वहीं राजधानी पटना में रविवार को शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन पटना शीत दिवस की चपेट में रहा। हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को आंशिक राहत मिली, जिससे अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 17.6 और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
15 जनवरी को बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी के बाद हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।
31 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 31 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। हालांकि मौसम धीरे-धीरे साफ होने के संकेत हैं, लेकिन ठंड बरकरार रहेगी। अगले दस दिनों तक सुबह और शाम की ठंड लोगों को परेशान करती रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री का उतार-चढ़ाव संभव है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम से आ रही सर्द हवाओं के कारण बिहार में तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। वैज्ञानिकों का कहना है कि घने कोहरे और मध्यम धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है, जबकि रात में ठंडी हवाओं से पारा और गिर रहा है। इसी वजह से राज्य में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है।