Bihar Weather: बिहार में फिर बढ़ी ठंड, पहाड़ों से आ रही हवाओं ने बढ़ाई कनकनी, 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी, सावधान रहे...
Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। कई राज्यों में घने कोहरे से एक बार फिर जनजवीन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों से आ रही हवाओं ने कनकनी बढ़ा दी है। प्रदेश के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई हिस्सों में घना कोहरा छा गया है और धूप पूरी तरह ओझल हो गई है। हालांकि राजधानी पटना में धूप निकलने से सुबह की समय राहत मिल रही है। वहीं सुबह और रात में कनकनी महसूस हो रही है। अन्य जिलों में कहीं धूप तो कहीं बारिश हो रही है। इसके चलते दिन के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार, शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में घने कोहरे का असर देखा जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जिससे धूप खिली रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना फरवरी के तीसरे दिन के आसपास जताई है। फिलहाल कोल्ड डे की स्थिति से लोगों को राहत मिलती रहेगी।
आज 18 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार सुबह पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में घना कोहरा छाया रहा। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
1 फरवरी को भी रहेगा कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी के पहले दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 6 फरवरी तक कोहरे या कोल्ड डे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले चार दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
क्यों बढ़ रही ठंड
उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण बिहार में हल्की ठंड महसूस की जा रही है। पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। ठंडी हवाओं के कारण ठंडक बनी हुई है। हवाओं की रफ्तार कम होने से ठंड ज्यादा तीखी तो नहीं लग रही है लेकिन कनकनी महसूस की जा रही है।