Bihar Weather: काले बादलों से कांपा बिहार, 7 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट,31 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, 24 घंटे राज्य के लिए बेहद अहम , घर में रहने की सलाह
Bihar Weather: बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 24 घंटे राज्य के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
Bihar Weather: बिहार में मौसम इन दिनों अजब-गजब खेल दिखा रहा है। जहां नौतपा के दौरान आमतौर पर सूरज आग उगलता है और लोग भीषण गर्मी व लू से बेहाल रहते हैं, वहीं इस बार मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। प्रदेश भर में पुरवाई हवाओं के असर और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण ने मौसम का मिजाज बदलकर रख दिया है। तेज हवाएं, काले बादल और झमाझम बारिश ने गर्मी की तपिश को काफी हद तक कम कर दिया है।बीते दो दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत की सांस मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से रविवार तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। फिलहाल राज्य में हीटवेव यानी लू चलने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है।
पटना समेत कई जिलों में सुबह से ही आसमान पर काले बादलों का डेरा है। राजधानी में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। खगड़िया में सुबह-सुबह बारिश हुई, जबकि रोहतास, औरंगाबाद और बक्सर में आंधी के साथ जोरदार बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया। बक्सर में तो सुबह के वक्त ऐसा अंधेरा छा गया मानो शाम हो गई हो।
सीमांचल इलाके में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कटिहार और पूर्णिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कैमूर, छपरा और सीवान में भी लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है और लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 7 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 31 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्व मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पुरवा हवाओं का तेज प्रवाह लगातार नमी लेकर आ रहा है, जिससे आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
बीते 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बेगूसराय, समस्तीपुर और पटना जैसे जिलों में धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण उमस कम महसूस हुई। हालांकि उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में तूफानी हवाओं ने नुकसान भी पहुंचाया है। फिलहाल बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 24 घंटे राज्य के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।