आज घर से निकलने से पहले सावधान, बिहार के 20 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट,पटना, किशनगंज से गया तक गरज-आकाशीय बिजली की चेतावनी

बिहार मौसम सेवा केंद्र ने 17 जिलों के लिए भारी बारिश और 20 जिलों के लिए बारिश व आकाशीय बिजली का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।...

Bihar Weather Heavy Rain
बिहार में मौसम का रेड सिग्नल- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून ने अब पूरी तरह अपना रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। रविवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज़ हवाओं का ख़तरा मंडरा रहा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने 17 जिलों के लिए भारी बारिश और 20 जिलों के लिए बारिश व आकाशीय बिजली का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से एहतियात बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित ठिकानों पर रहने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, भागलपुर, बांका, किशनगंज, अररिया और पूर्णिया समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही वज्रपात का भी गंभीर ख़तरा बना हुआ है। किसानों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की नसीहत दी गई है।

उत्तर-पूर्व और दक्षिण-मध्य बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, गया और नवादा में मौसम सबसे ज्यादा संगीन रहने की आशंका है। इन इलाकों में भारी बारिश से जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है। हालांकि दूसरी ओर बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जैसे पश्चिमी जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश होने से उमस बरकरार रहेगी और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटे तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। 18 जुलाई तक बिहार में 206.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 371.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी राज्य अब भी 55 फीसदी बारिश की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में अगले दो दिनों की संभावित तेज बारिश इस कमी को कुछ हद तक पूरा कर सकती है, लेकिन फिलहाल लोगों को बेहद होशियार और सतर्क रहने की जरूरत है।